झारखण्ड स्थापना दिवस पर 20 पुलिस अधिकारी और जवानों को मिलेगा वीरता व सराहनीय सेवा पदक, कई बड़े अधिकारियों के नाम शामिल
राँची। झारखण्ड स्थापना दिवस और हेमंत सोरेन सरकार के द्वितीय वर्षगांठ समारोह में झारखण्ड पुलिस के 13 पदाधिकारियों एवं कर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही सराहनीय सेवा के लिए पदक पाने वाले 7 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के नामों की सूची भी जारी की गई है। आगामी 28 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में इन सभी को सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय की ओर से 21 नवंबर को आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।

वीरता के लिए पदक पाने वालों की सूची में झारखण्ड पुलिस के 13 पदाधिकारियों एवं कर्मियों के नाम शामिल हैं। इनमें वर्तमान राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन का नाम भी प्रमुखता से शामिल है। उन्हें JCM 2024 के लिए वीरता पदक प्रदान किया जाएगा। उस समय वे चतरा जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। इसके अलावा तत्कालीन पुलिस उप-महानिरीक्षक नरेन्द्र कुमार सिंह को भी JCM 2024 के लिए वीरता पदक दिया जाएगा। वर्तमान में वे झारखण्ड के पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) के पद पर कार्यरत हैं।
वीरता पदक के लिए JCM 2022 के तहत लातेहार जिले में तैनात रहे पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार भगत और दिव्य प्रकाश का चयन किया गया है। राजीव कुमार भगत वर्तमान में बोकारो और दिव्य प्रकाश हजारीबाग जिले में पदस्थापित हैं।
वहीं, JCM 2023 के तहत चतरा जिले के पुलिस निरीक्षक सनोज कुमार चौधरी और आरक्षी 621 प्रकाश कुमार यादव को सम्मानित किया जाएगा। सनोज कुमार चौधरी वर्तमान में राँची जिले में पुलिस निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा राँची जिले में तैनाती के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चन्द्र लकड़ा, वर्तमान में पलामू जिले में पदस्थापित, को भी वीरता पदक मिलेगा। इसी श्रेणी में डीएसपी नीरज कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक सोनू कुमार साहू का नाम भी शामिल है। नीरज कुमार पूर्व में एटीएस राँची में डीएसपी थे और वर्तमान में हटिया डीएसपी के पद पर तैनात हैं। सोनू कुमार साहू वर्तमान में गिरिडीह जिले में पदस्थापित हैं।
JCM 2024 के तहत डीएसपी प्रकाश सोय को भी वीरता पदक के लिए चुना गया है। वे पूर्व में राँची के कोतवाली डीएसपी थे और वर्तमान में धनबाद में विधि-व्यवस्था डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। इनके अलावा गढ़वा जिले में तैनाती के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अवर निरीक्षक शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार और शिवलाल गुप्ता को भी वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा। वर्तमान में शंकर प्रसाद कुशवाहा जमशेदपुर, राजबल्लभ कुमार हजारीबाग और शिवलाल गुप्ता रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं।
सराहनीय सेवा पदक के लिए सात नाम सामने आए
वीरता पदक के साथ-साथ सराहनीय सेवा के लिए पदक पाने वालों की सूची भी जारी की गई है। उपलब्ध आधिकारिक पत्र के अनुसार JPM 2022 के तहत सात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों के नाम सामने आए हैं।
इस सूची में आईपीएस अधिकारी असीम विक्रांत मिंज का नाम शामिल है। वे पुलिस महानिरीक्षक, स०अ०प्र०, अपराध अनुसंधान विभाग, झारखण्ड, राँची के पद पर तैनात हैं। वहीं, आईपीएस अधिकारी अनीश गुप्ता का नाम भी सूची में है। वे पुलिस उप-महानिरीक्षक, दक्षिण छोटानागपुर क्षेत्र, राँची के पद पर रहे हैं और वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।
इसके अलावा आईपीएस अधिकारी राज कुमार मेहता को भी सराहनीय सेवा पदक के लिए चुना गया है। वे पूर्व में झारखण्ड सशस्त्र पुलिस-07, हजारीबाग में वरीय पुलिस उपाधीक्षक थे और वर्तमान में पुलिस अधीक्षक, एटीएस राँची के पद पर कार्यरत हैं।
सूची में आईपीएस अधिकारी दीपक कुमार शर्मा का नाम भी शामिल है। वे पूर्व में विशेष शाखा में वरीय पुलिस उपाधीक्षक थे और वर्तमान में पुलिस अधीक्षक, अभियान (नक्सल), पुलिस मुख्यालय झारखण्ड में पदस्थापित हैं।
इसी तरह आईपीएस अधिकारी मुकेश कुमार को भी सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा। वे पूर्व में बोकारो में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) थे और वर्तमान में गोड्डा के पुलिस अधीक्षक हैं।
आईपीएस अधिकारी दीपक कुमार पाण्डेय का नाम भी इस सूची में शामिल है। वे पूर्व में लोहरदगा में अभियान के वरीय पुलिस उपाधीक्षक थे और वर्तमान में एआईजी-सह-डीजी के विशेष सहायक के पद पर राँची में कार्यरत हैं। इनके अलावा राँची जिला के प्रधान सहायक अवर निरीक्षक (आशुलिपिक) मो. अरशद खाँ को भी JPM 2022 के तहत सराहनीय सेवा पदक के लिए चुना गया है।
कई जिलों और पुलिस इकाइयों को भेजी गई सूची
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक (अपराध अनुसंधान विभाग, अभियान, एसटीएफ एवं संयुक्त निदेशक, सीबीआई कोलकाता जोन) सहित वरीय पुलिस अधीक्षक राँची, जमशेदपुर और धनबाद को भेजी गई है। इसके अलावा लातेहार, चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, गढ़वा, गुमला, खूंटी, पलामू, गिरिडीह, गोड्डा, बोकारो और सिमडेगा सहित विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों तथा एटीएस, एसटीएस और अभियान-नक्सल इकाइयों को भी इसकी प्रतिलिपि भेजी गई है।
28 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों एवं सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।

