फोन कर घर से बुलाया, फिर सिर में सटाकर मार दी गोली; राँची में दोस्ती का खौफनाक अंत, आरोपी गिरफ्तार

 

राँची।राजधानी राँची में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिस दोस्त के बुलावे पर तनवीर उर्फ बाबू घर से निकला था, उसी ने कथित तौर पर उसके सिर में पीछे से पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही तनवीर ने मौके पर दम तोड़ दिया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हत्या की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार अहले सुबह आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच आपसी विवाद हत्या की वजह बना। हालांकि, इस विवाद के पीछे की पूरी कहानी अभी सामने आनी बाकी है।

शाम से साथ थे दोनों दोस्त, रात में फोन कर बुलाया

जानकारी के अनुसार, तनवीर उर्फ बाबू और शाहरुख शुक्रवार शाम से ही साथ थे। रात में शाहरुख ने तनवीर को फोन कर बुलाया। इसके बाद तनवीर गढ़ा टोली स्थित एक दुकान के पास पहुंचा, जहां वह एक अन्य युवक से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान शाहरुख वहां पहुंचा और अचानक तनवीर के पीछे जाकर उसके सिर में पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही तनवीर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ ही पलों में दोस्ती का रिश्ता खूनी वारदात में बदल गया।

हत्या के बाद भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने दबोचा

घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वहीं, वारदात के बाद आरोपी शाहरुख फरार होने की कोशिश में था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। आखिरकार शनिवार अहले सुबह पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ कर हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है।आरोपी शाहरुख

कई केस में फंसाने का आरोप, बदले की आग में हुई हत्या?

इस हत्याकांड के पीछे बदले की भावना की बात सामने आ रही है। सदर डीएसपी संजीव बेसरा के अनुसार, पूछताछ में आरोपी शाहरुख ने बताया है कि तनवीर ने उसे कई मामलों में फंसा दिया था। इसी वजह से उसने गोली मारने की बात स्वीकार की है। वहीं, सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि हत्या के मामले में मृतक के दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में दोनों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किस बात को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी इतनी बढ़ गई कि दोस्त ने ही दोस्त की जान ले ली।

दोनों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक तनवीर भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा था। बताया जा रहा है कि सदर थाना में दर्ज एक मामले में उसके खिलाफ वारंट जारी था और वह दो दिन बाद अदालत में आत्मसमर्पण करने वाला था। वहीं, मृतक और आरोपी दोनों के पशु तस्करी से जुड़े होने की भी चर्चा है। दोनों के खिलाफ गौ तस्करी से संबंधित मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। हालांकि, इन पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस के लिए भी जांच का अहम बिंदु बना स्पाई वाला एंगल

इस पूरे हत्याकांड में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, तनवीर पुलिस के लिए मुखबिरी यानी स्पाई का काम भी करता था। ऐसे में पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रख सकती है कि हत्या के पीछे केवल आपसी विवाद और पुराने केस में फंसाने की रंजिश थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह भी छिपी है।

फिलहाल आरोपी शाहरुख पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार, विवाद की असली वजह और दोनों के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह हत्या सिर्फ पुराने विवाद का बदला थी या दोस्ती के पीछे लंबे समय से कोई गहरी दुश्मनी पल रही थी?

 

 

error: Content is protected !!