पुलिसकर्मियों और राज्य कर्मियों को बड़ी राहत: संपत्ति ब्योरा भरने के लिए 3 सप्ताह के लिए खुलेगा ‘मानव संपदा पोर्टल’

 

– झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन के एक महीने के निरंतर प्रयास लाई रंग, एसीआर और पदोन्नति में आ रही अड़चनें होंगी दूर, एसोसिएशन ने वित्त मंत्री व मीडिया का जताया आभार

राँची।झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन के निरंतर प्रयासों के बाद राज्य सरकार और संबंधित प्राधिकार ने ‘मानव संपदा पोर्टल’ को तीन सप्ताह के लिए पुनः खोलने का निर्णय लिया है। प्राधिकार द्वारा आज इस निर्णय को सार्वजनिक कर दिया गया है, जिससे राज्य के उन हजारों पुलिस पदाधिकारियों और सरकारी कर्मियों को बड़ी राहत मिली है जो पूर्व में किसी कारणवश अपना वार्षिक संपत्ति ब्योरा जमा नहीं कर पाए थे। झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव-सह-कोषाध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने इस पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित रजक के लगभग एक महीने के लगातार और अथक प्रयासों के फलस्वरूप यह सफलता मिली है।

एसीआर और प्रोन्नति के मामलों में आ रही थी परेशानी

राकेश पाण्डेय ने बताया कि फरवरी माह में पोर्टल बंद हो जाने के कारण पुलिस विभाग के कई साथियों सहित अन्य विभागों के भी कई कर्मी अपरिहार्य कारणों से अपनी संपत्ति विवरणी ऑनलाइन दर्ज नहीं कर पाए थे। हाल के दिनों में वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन और पदोन्नति से जुड़े मामलों में संपत्ति ब्योरे की अनिवार्यता के कारण कर्मियों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था। अब पोर्टल के पुनः खुलने से छूटे हुए सभी सदस्य अपना विवरण अपलोड कर पदोन्नति सहित सभी विभागीय लाभ ले सकेंगे।

वित्त मंत्री और सहयोगियों के प्रति जताया आभार

इस महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने के लिए एसोसिएशन ने झारखंड सरकार के माननीय वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर के प्रति विशेष आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि माननीय वित्त मंत्री ने कर्मियों की पीड़ा को समझा और पोर्टल को पुनः खुलवाने में अपना अहम योगदान दिया। इसके साथ ही सचिवालय में प्रतिनियुक्त अवर निरीक्षक उपेंद्र मिश्रा, एसोसिएशन के वरीय प्रदेश उपाध्यक्ष महताब आलम, प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री के निरंतर सहयोग और सक्रिय भूमिका की भी सराहना की गई।

error: Content is protected !!