मोतिहारी में CBI का बड़ा एक्शन… घूस लेते घूसखोर डाक अधीक्षक रंगेहाथ गिरफ्तार, कर्मचारी को रिलीव करने के बदले मांगे थे पैसे
मोतिहारी।भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक विभाग के एक बड़े अधिकारी को अपने शिकंजे में ले लिया है। मोतिहारी में चंपारण प्रमंडल के डाक अधीक्षक एसएस सुमन को कथित तौर पर रिश्वत लेते सीबीआई की टीम ने उनके ही कार्यालय में रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पूरे डाक विभाग में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार अधिकारी को पूछताछ के लिए सीबीआई की टीम पटना ले गई है।
मामले की शुरुआत विभागीय कर्मचारी राहुल झा की शिकायत से हुई। बताया जा रहा है कि राहुल झा का तबादला दरभंगा कर दिया गया था, लेकिन उन्हें वर्तमान पदस्थापन से रिलीव करने के बदले डाक अधीक्षक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। इससे परेशान होकर कर्मचारी ने सीबीआई से शिकायत की थी।
शिकायत मिलते ही सीबीआई ने मामले को गंभीरता से लिया और पहले आरोपों का सत्यापन किया। इसके बाद बुधवार को टीम ने पूरी योजना के तहत मोतिहारी स्थित डाक अधीक्षक कार्यालय में दबिश दी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एसएस सुमन को कर्मचारी राहुल झा से कथित रूप से रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया गया।
50 हजार रुपये रिश्वत लेने की चर्चा
इस कार्रवाई के बाद सबसे अधिक चर्चा रिश्वत की रकम को लेकर हो रही है। सूत्रों के अनुसार, कर्मचारी को रिलीव करने के एवज में 50 हजार रुपये मांगे जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, बरामद रकम और रिश्वत की वास्तविक राशि को लेकर सीबीआई की ओर से अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सीबीआई अधिकारी ने जानकारी देने से किया इनकार
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे सीबीआई अधिकारी गौरव कुमार मिश्रा से जब पूरे मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फिलहाल कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अभी मामले में कोई जानकारी साझा नहीं की जा सकती है।
हाल ही में हुई थी पदस्थापना
बताया जा रहा है कि एसएस सुमन की पदस्थापना हाल ही में डाक अधीक्षक के पद पर हुई थी। वह मूल रूप से पूर्वी चंपारण के सेमरा स्टेशन स्थित लाल टोला के निवासी बताए जा रहे हैं। मोतिहारी के चांदमारी में भी उनका मकान है।
फिलहाल सीबीआई की टीम उन्हें पटना ले जाकर पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई के बाद डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच खलबली मची हुई है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि रिश्वत की मांग और कथित लेन-देन के पीछे क्या पूरा मामला था।

