निशा भगत मामले में सियासी हलचल के बीच बड़ा फैसला, CM हेमंत ने CBI जांच का दिया आदेश

 

राँची।आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में झारखण्ड की सियासत में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। लगातार उठ रहे सवालों, परिजनों के आरोपों और आदिवासी संगठनों के दबाव के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा फैसला लेते हुए पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दे दिया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार की रात सोशल मीडिया पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

सीएम हेमंत सोरेन के इस ऐलान के बाद निशा भगत मौत प्रकरण में अब जांच की दिशा बदलने वाली है। इस मामले को लेकर पिछले कई दिनों से राज्य में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर हलचल तेज थी। परिजन लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे, वहीं विभिन्न आदिवासी संगठनों और विपक्षी दलों ने भी सीबीआई जांच की मांग उठाई थी।

फेसबुक लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप

दरअसल, राँची के पिठोरिया क्षेत्र की रहने वाली आदिवासी नेत्री निशा भगत ने अपनी मौत से पहले फेसबुक लाइव के जरिए कई गंभीर बातें कही थीं। अपने आखिरी संबोधन में उन्होंने जमीन माफियाओं और भू-दलालों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने आदिवासी समाज, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा और धर्मांतरण जैसे मुद्दों को लेकर संघर्ष करने की बात भी कही थी। साथ ही पुलिस-प्रशासन से सहयोग और सुरक्षा नहीं मिलने की शिकायत की थी।

इसके बाद उनकी मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए। मामला सामने आने के बाद परिजनों ने इसे सामान्य आत्महत्या का मामला मानने से इनकार करते हुए साजिश की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग तेज कर दी।

पिता की शिकायत पर तीन नामजद, अज्ञात भी आरोपी

निशा भगत की मौत के मामले में उनके पिता हांदू भगत की शिकायत पर बीते 6 नवंबर को पिठोरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को लगातार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने एक संस्था के कहने पर सोशल मीडिया के माध्यम से निशा के चरित्र को लेकर कथित तौर पर झूठा प्रचार किया। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश की गई।

अब CBI जांच में खुलेगा राज!

निशा भगत के पिता और आदिवासी संगठनों की प्रमुख मांग थी कि पूरे मामले की जांच राज्य पुलिस के बजाय केंद्रीय जांच एजेंसी से कराई जाए। अब मुख्यमंत्री के सीबीआई जांच के आदेश के बाद इस बहुचर्चित मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपों की सच्चाई सामने आने की उम्मीद बढ़ गई है।

सबसे बड़ा सवाल यही है कि निशा भगत ने अपने आखिरी वीडियो में जिन आरोपों का जिक्र किया था, उनके पीछे की सच्चाई क्या है? किसने उन्हें प्रताड़ित किया और क्या उनकी मौत के पीछे कोई बड़ी साजिश थी? अब इन तमाम सवालों के जवाब सीबीआई की जांच से सामने आने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!