राँची में रफ्तार का कहर: सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदती चली गई कार, एक की मौत, दो जिंदगी और मौत से जूझ रहे
राँची।राजधानी राँची में तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की देर शाम टाटीसिलवे और नामकुम थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना में अनियंत्रित वैगनआर कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ कर दी।
सिलवे में खड़े ग्रामीणों पर चढ़ी कार, एक की मौके पर मौत
पहली घटना टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के पुरुलिया रोड स्थित सिलवे की है। जानकारी के अनुसार, देर शाम करीब सात-आठ ग्रामीण सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान पुरुलिया की ओर से आ रही एक वैगनआर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में भवानी कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय सूरज साव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मिश्रा टोली निवासी प्रकाश महतो और कृष्णा बैठा गंभीर रूप से घायल हो गए।
अचानक हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर टाटीसिलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस कार और उसमें सवार लोगों को थाने ले आई।
अंतिम संस्कार से लौट रहा था कार सवार परिवार
बताया जा रहा है कि वैगनआर में तीन महिलाएं और एक युवक सवार थे। सभी पुरुलिया में एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। हादसे का शिकार हुए सूरज साव भेल इंडिया, हरिद्वार में सरकारी कर्मी थे। वह दीपावली की छुट्टी में 5 नवंबर को अपने घर आए थे और 10 नवंबर को वापस हरिद्वार लौटने वाले थे। लेकिन छुट्टी खत्म होने से पहले ही सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।वहीं, घायल प्रकाश महतो टाटीसिलवे स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि कृष्णा बैठा स्थानीय स्कूल में चालक हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचे और हादसे को लेकर आक्रोश जताया।
रायसा मोड़ पर अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला
दूसरी घटना नामकुम थाना क्षेत्र के रायसा मोड़ की है। यहां पैदल चल रहे 35 वर्षीय ललसाय मुंडा को किसी अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ककड़ा हुआंगहातु निवासी ललसाय मुंडा, पिता हिंदू मुंडा के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची नामकुम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है।दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

