टेम्पू में गुम हुआ महिला का पर्स, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल समेत पूरा सामान बरामद; चतरा पुलिस ने लौटाई चेहरे की मुस्कान..

 

चतरा।पुलिस का काम सिर्फ अपराधियों को पकड़ना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम लोगों की परेशानियों में मददगार बनना भी है। चतरा पुलिस ने अपनी इसी सामाजिक और संवेदनशील पुलिसिंग की एक सराहनीय मिसाल पेश की है। टेम्पू में सफर के दौरान गुम हुए एक महिला के पर्स को पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से बरामद कर लिया। पर्स में रखे सोने-चांदी के तमाम जेवरात और मोबाइल फोन भी सुरक्षित मिल गए। पुलिस पहचान की प्रक्रिया पूरी कर महिला को उसके खोए हुए सामान सौंपने की तैयारी की जा रही है।

मामला हंटरगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 9 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बिहार के गया जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालकेड़ा गांव निवासी 22 वर्षीय सुमन कुमारी (पति मनोज सिंह) ने 23 सितंबर 2026 को हंटरगंज थाना में पर्स गुम होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

सुमन कुमारी ने पुलिस को बताया था कि वह अपने मायके प्रतापपुर थाना क्षेत्र के घोड़दौर गांव से टेम्पू पर सवार होकर ससुराल जा रही थीं। इसी दौरान हंटरगंज बाजार पहुंचने पर उन्हें अपना पर्स गायब मिला। पर्स में रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन और सोने-चांदी के कीमती जेवरात रखे हुए थे। सामान गुम होने से महिला काफी परेशान थीं।

तकनीकी सेल की मदद से पुलिस ने खोज निकाला पर्स

महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए हंटरगंज थाना पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से जांच शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने महिला का खोया हुआ पर्स बरामद कर लिया। सबसे राहत की बात यह रही कि पर्स में रखे सभी जेवरात और मोबाइल फोन भी सुरक्षित मिल गए। पुलिस ने महिला को इसकी सूचना दे दी है। पहचान और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी सामान उन्हें सौंपे जाऐंगे।

सोने-चांदी के जेवरात समेत मोबाइल बरामद

पुलिस द्वारा बरामद सामान में करीब 8 ग्राम का सोने का मंगटीका, 6 ग्राम की सोने की नथिया और 5 ग्राम का सोने का जितिया शामिल है। इसके अलावा करीब 250 ग्राम चांदी का पायल, चांदी की सिकड़ी, दुल्हन बिछिया, अंगूठा बिछिया, छोटी बिछिया, बजरंगबली का लॉकेट, चंद्रमा लॉकेट, छोटा पाया और घुंघरू तथा चांदी का ताबीज भी बरामद किया गया है। साथ ही रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन भी सुरक्षित मिला है।

हंटरगंज थाना की टीम ने निभाई जिम्मेदारी

इस सराहनीय कार्रवाई में हंटरगंज थाना प्रभारी पु०अ०नि० संदीप कुमार, स०अ०नि० अजय कुमार महतो और आरक्षी-463 शक्ति दास (सीसीटीएनएस ऑपरेटर) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अक्सर पुलिस की चर्चा अपराध नियंत्रण, गिरफ्तारी और छापेमारी को लेकर होती है, लेकिन इस तरह की कार्रवाई आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करती है। एक महिला का गुम हुआ पर्स, उसमें रखे कीमती जेवरात और मोबाइल सुरक्षित बरामद करना चतरा पुलिस की तत्परता और जिम्मेदार कार्यशैली को दर्शाता है।

खास बात यह है कि पुलिस ने केवल शिकायत दर्ज कर औपचारिकता पूरी नहीं की, बल्कि तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर महिला की परेशानी दूर करने का प्रयास किया। निश्चित रूप से चतरा पुलिस की यह पहल सामाजिक और जनहितकारी पुलिसिंग की एक सराहनीय मिसाल है।

error: Content is protected !!