पाँच करोड़ की डकैती में पुलिस का आधा खुलासा…तीन अपराधी गिरफ्तार, लेकिन न सोना मिला, न लूट की रकम; मुख्य सरगना अब भी फरार

 

गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह जिले में राजधनवार के यूको बैंक में दिनदहाड़े हुई करीब पांच करोड़ रुपये की डकैती के पांच दिन बाद गिरिडीह पुलिस ने मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद करने की जानकारी दी है। लेकिन इस पूरी कार्रवाई में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पांच करोड़ रुपये के सोने का समान और 11.50 लाख रुपये नकद का क्या हुआ? पुलिस के हाथ अभी तक लूटे गए सोने का एक भी सामान नहीं लगा है और न ही लूट की नकदी बरामद हुई है। वहीं, वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के मुख्य सरगना और अन्य अपराधी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। ऐसे में पुलिस की इस कथित सफलता को आधा खुलासा कहना गलत नहीं होगा।

पांच दिन बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस, लेकिन लूट का माल गायब

दरअसल, 5 नवंबर को धनवार चौक स्थित यूको बैंक में पांच हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर बैंक के लॉकर से करीब पांच करोड़ रुपये के सोने के पैकेट और 11 लाख 50 हजार रुपये नकद लूट लिए थे। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात ने पूरे झारखंड में सनसनी फैला दी थी। मामले में धनवार थाना कांड संख्या 288/2026 दर्ज किया गया था।

इतनी बड़ी डकैती के बाद पुलिस पर अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने की बरामदगी का भारी दबाव था। एसपी डॉ. बिमल ने मामले के उद्भेदन के लिए अलग-अलग अधिकारियों के नेतृत्व में पांच विशेष जांच टीमों (SIT) का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, नाकेबंदी की गई और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई।

जंगल में बाइक से गिरे अपराधी, एक की गिरफ्तारी से खुली कड़ी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद मोटरसाइकिल से भाग रहे अपराधियों का पीछा किया गया। इसी दौरान जमुआ थाना क्षेत्र के बरबदिया गांव के पास सड़क पर बड़े गड्ढे के कारण अपराधी बाइक से अनियंत्रित होकर गिर गए। इसके बाद वे मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल में भाग निकले। पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर झाड़ी में छिपाकर रखा गया लोडेड पिस्टल बरामद किया गया।पुलिस का दावा है कि रिजवान से पूछताछ के बाद बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बड़वारा जंगल से सुल्तान अली उर्फ रॉकी और आयुष पांडेय को भी गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर एक वाहन भी जब्त किया गया।

तीन गिरफ्तार, हथियार और गाड़ियां बरामद; लेकिन पांच करोड़ का सोना कहां?

गिरफ्तार आरोपियों में देवघर के मोहम्मद रिजवान, गिरिडीह के सुल्तान अली उर्फ रॉकी और देवघर के आयुष पांडेय शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से मेड इन यूएसए लिखा एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और दो अपाचे मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है।

हालांकि, पुलिस की पूरी कार्रवाई में सबसे महत्वपूर्ण बरामदगी यानी बैंक से लूटे गए सोने और नकदी का कोई सुराग सामने नहीं आया है। पांच करोड़ रुपये के सोने के पैकेट आखिर किसके पास हैं? क्या लूट का सोना कहीं खपा दिया गया है? क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है? इन सवालों का जवाब अभी पुलिस को देना बाकी है।

मुख्य सरगना और बिहार गैंग तक नहीं पहुंच सके पुलिस के हाथ!

सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारियों को लेकर भी कई महत्वपूर्ण पहलू सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक आरोपी घटना के दिन ही ग्रामीणों की मदद से पकड़ा गया था, जबकि दूसरे आरोपी को धनबाद और तीसरे को देवघर से गिरफ्तार किया गया। सबसे अहम बात यह है कि इस डकैती में शामिल बताए जा रहे बिहार के कुख्यात सोना लुटेरा गैंग के मुख्य अपराधी सहित अन्य अपराधी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। ऐसे में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पांच करोड़ के सोने को किसने ठिकाने लगाया और इस पूरी वारदात का असली मास्टरमाइंड कौन है।

पुलिस का दावा- मददगार और सोना बेचने की योजना बनाने वाले की पहचान

एसपी डॉ. बिमल के अनुसार, इस कांड में अपराधियों की मदद करने वाले लोगों की पहचान कर ली गई है। यहां तक कि लूटे गए सोने को बेचने की योजना तैयार करने वाले व्यक्ति का भी पता लगाया गया है। पुलिस ने लूटे गए पैसे और जेवरात की बरामदगी तथा अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तीन अतिरिक्त एसआईटी गठित की हैं। छापेमारी जारी है।

सफलता या अधूरा खुलासा? पुलिस के सामने अब असली चुनौती

पांच दिन की जांच के बाद तीन आरोपियों की गिरफ्तारी निश्चित तौर पर पुलिस के लिए एक उपलब्धि है। हथियार और वारदात में इस्तेमाल वाहनों की बरामदगी भी जांच में अहम कड़ी हो सकती है। लेकिन पांच करोड़ के सोने और 11.50 लाख रुपये नकद की बरामदगी के बिना इस सनसनीखेज डकैती कांड का पूरा खुलासा नहीं माना जा सकता।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से आगे बढ़कर मुख्य सरगना तक कब पहुंचेगी? लूटे गए सोने की बरामदगी कब होगी? और क्या गैंग के उन अपराधियों तक पुलिस पहुंच पाएगी, जिन पर इस पूरी वारदात में शामिल होने का संदेह है? फिलहाल तीन गिरफ्तारियां हुई हैं, लेकिन पांच करोड़ की डकैती का सबसे बड़ा राज अब भी बरकरार है।

error: Content is protected !!