राँची में चेन छिनतई के बाद CCTV में स्नेचरों की पहचान करने पहुंचे पति पर हमला,सिर फोड़ा, मोबाइल भी छीना
राँची। राजधानी राँची में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक हैरान करने वाली घटना नामकुम थाना क्षेत्र के लोवाडीह से सामने आई है। दीपावली की खरीदारी करने निकली एक बुजुर्ग महिला को बाइक सवार दो युवकों ने अपना निशाना बनाया और गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। छिनतई के दौरान महिला के गले में चोट आई और उनका ब्लाउज तक फट गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
लेकिन इस घटना का मामला यहीं नहीं थमा। अगले दिन जब महिला के पति सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छिनतई में इस्तेमाल की गई बाइक और आरोपियों की पहचान करने पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट कर दी गई। आरोप है कि एक दुकान संचालक और दो अन्य लोगों ने उनके साथ गए युवक का मोबाइल भी छीन लिया। हमले में पति का सिर फट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।
फल खरीद रही महिला के गले से झपट ली चेन
जानकारी के अनुसार, जोरार तेतरी टोली निवासी बीके सतपती की पत्नी कनकलता सतपती 7 अक्टूबर को दीपावली की खरीदारी करने लोवाडीह गई थीं। इसी दौरान वह एक दुकान के पास फल खरीद रही थीं। तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और मौका देखकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली।
अचानक हुई इस वारदात से महिला संभल भी नहीं पाईं। चेन छीनने के दौरान उनके गले में चोट लग गई और ब्लाउज भी फट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक बाइक से दुर्गा सोरेन चौक की ओर फरार हो गए। महिला ने घटना की सूचना नामकुम थाना और पीसीआर को दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज लेकर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज लेकर आरोपियों की पहचान करने पहुंचे थे पति
बीके सतपती के अनुसार, घटना के अगले दिन 9 अक्टूबर को वह सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छिनतई में इस्तेमाल की गई गाड़ी की पहचान करने लोवाडीह पहुंचे थे। वह पुराना लोवाडीह स्थित एक दुकान के पास गए थे, जहां बबलू गुमटी के दुकानदार को संदिग्ध युवकों की तस्वीरें दिखाकर पहचान कराने का प्रयास कर रहे थे।
इसी दौरान विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गुमटी संचालक और वहां मौजूद दो अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोपियों ने बीके सतपती और उनके साथ गए युवक के साथ मारपीट की। इस दौरान उनका सिर फट गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान मोबाइल भी छीन लिया गया।
PCR पहुंची तो बची जान, अस्पताल में कराया गया भर्ती
मारपीट की सूचना मिलने के बाद पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची और घायल बीके सतपती को बचाया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की है।
दो घटनाएं, पुलिस के सामने जांच की चुनौती
इस मामले में महिला ने चेन छिनतई और उनके पति ने मारपीट की घटना को लेकर अलग-अलग आवेदन दिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चेन छिनतई करने वाले युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पति के साथ हुई मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है।दीपावली की खरीदारी के दौरान महिला की चेन छिनतई और फिर आरोपियों की पहचान करने पहुंचे पति के साथ मारपीट की इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

