लातेहार: अनाथ नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप, गांव में मामला दबाने की कोशिश;पुलिस तक पहुंचते ही दो आरोपी गिरफ्तार

 

लातेहार।जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में एक अनाथ नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप गांव के ही दो युवकों पर लगा है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद पहले गांव स्तर पर ही मामले को दबाने की कोशिश हुई। इस दौरान विवाद और मारपीट की स्थिति भी बनी। हालांकि, मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद चंदवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के आवेदन और बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता चंदवा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। ग्रामीणों के मुताबिक, वह अनाथ है और गांव के ही एक घर में घरेलू कामकाज करती है। इसी दौरान गांव के दो युवकों पर उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म करने का आरोप लगा। घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में विवाद शुरू हो गया। कुछ ग्रामीणों और आरोपी युवकों के बीच मारपीट होने की भी बात कही जा रही है। शुरुआती दौर में मामले को गांव में ही सुलझाने अथवा दबाने का प्रयास किए जाने की चर्चा है। बाद में पीड़िता का मामला पुलिस तक पहुंचा।

शनिवार रात थाने पहुंचा मामला, पुलिस ने की गिरफ्तारी

एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार की रात घटना की जानकारी चंदवा थाना को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी चंदवा थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं।

मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजी गई पीड़िता

घटना के बाद पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पॉक्सो एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, घटना को लेकर इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल है। एक अनाथ नाबालिग लड़की के साथ हुई कथित घटना ने कई सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

 

error: Content is protected !!