माँ के साथ झगड़ा कर रहा था पिता, बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे को चाकू से गोद डाला; हत्या के बाद पिता फरार

 

डेस्क/जैंतगढ़। माँ को बचाने के लिए पिता के सामने खड़ा होना एक जवान बेटे को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। पत्नी के साथ विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे पर पिता ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बेटे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। दिल दहला देने वाली यह घटना ओडिशा के क्योंझर जिले के चंपुआ सब-डिवीजन अंतर्गत झुम्पुरा थाना क्षेत्र के गुमुरा गांव की है। वारदात के बाद आरोपी पिता फरार हो गया है।मृतक की पहचान चंदन उर्फ पप्पू नाइक के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पिता का नाम देबू नाइक बताया गया है।

 

बताया जाता है कि शनिवार को  देबू नाइक का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। घर में हो रहे झगड़े को देखकर बेटा चंदन उर्फ पप्पू बीच-बचाव करने पहुंच गया। उसने पिता का विरोध किया। आरोप है कि बेटे का विरोध करना पिता को इतना नागवार गुजरा कि उसने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। चाकू लगते ही पप्पू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

 

खून से लथपथ पप्पू को उसकी मां और भाई आनन-फानन में ऑटो से चंपुआ उप-जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

 

घटना की सूचना मिलते ही चंपुआ एसडीपीओ रश्मि रंजन साहू अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। झुम्पुरा पुलिस ने गुमुरा गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। वारदात के बाद से आरोपी देबू नाइक फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

 

error: Content is protected !!