बोकारो में दिनदहाड़े 21.40 लाख की लूट, बाइक सवार बदमाशों ने कैशकर्मी को गिराकर छीना रुपयों से भरा बैग
बोकारो। झारखण्ड के बोकारो में शनिवार को दिनदहाड़े 21 लाख 40 हजार रुपये की लूट से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बेखौफ बदमाशों ने कैश लेकर जा रहे हिटाची कर्मी को निशाना बनाया और उसे गिराकर नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। इतनी बड़ी रकम की लूट के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
घटना मनसा सिंह गेट के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, चास निवासी विजय कुमार एक्सिस बैंक से 21 लाख 40 हजार रुपये लेकर कुरमिडीह स्थित हिटाची एटीएम में कैश लोड करने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। इससे पहले कि विजय कुमार कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन्हें गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित विजय कुमार के अनुसार, दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था और उनकी लंबाई भी अधिक थी। उन्होंने बताया कि वारदात से पहले उन्हें किसी के पीछा करने का कोई अंदेशा नहीं हुआ था। अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं सके और अपराधी नकदी लेकर भाग निकले। विजय कुमार ने किसी संदिग्ध व्यक्ति पर संदेह जताने से इनकार किया है।
बालीडीह और माराफारी पुलिस सक्रिय, CCTV फुटेज की जांच
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बालीडीह और माराफारी थाने के साथ ही 100 और 112 नंबर पर भी संपर्क किया। सूचना मिलते ही माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। जांच के जरिए बदमाशों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
बिना पर्याप्त सुरक्षा 21 लाख रुपये ले जाने पर भी सवाल
दिनदहाड़े इतनी बड़ी रकम लूटे जाने के बाद कैश परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि इतनी बड़ी नकदी ले जाते समय किस तरह की सुरक्षा व्यवस्था थी और वारदात को अंजाम देने में बदमाशों ने किस तरीके का इस्तेमाल किया। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता अपराधियों की पहचान, उनकी गिरफ्तारी और लूटी गई रकम की बरामदगी है।
मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।

