हजारीबाग में ज्वेलरी डकैती का बड़ा खुलासा: धनबाद-बोकारो से बंगाल तक फैले गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार, 16 लाख के गहने और हथियार बरामद
–-चौपारण की वैष्णवी ज्वेलरी में हथियार के बल पर परिवार को बनाया था बंधक, सोना-चांदी लूटकर हुए थे फरार; बगोदर और चांडिल की वारदातों में भी संलिप्तता का खुलासा
हजारीबाग। झारखण्ड में ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले शातिर अपराधियों के गिरोह पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावा गांव स्थित वैष्णवी ज्वेलरी दुकान में हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में गिरोह के कथित मुख्य सरगना मोहिउद्दीन अंसारी समेत कई शातिर अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक देसी कट्टा, जिंदा गोली, चाकू समेत कई सामान बरामद किए हैं।जिले के एसपी अमन कुमार ने प्रेस वार्ता में गुरुवार को पूरी जानकारी दी।
हथियार दिखाकर परिवार को बनाया था बंधक
बीते 25-26 सितंबर 2026 की रात अपराधियों ने चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावा गांव स्थित वैष्णवी ज्वेलरी दुकान में धावा बोला था। हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर अपराधियों ने सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए थे। घटना के बाद चौपारण थाना में कांड संख्या 252/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला डकैती कांड का राज
अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद और बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने गोरहर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चौपारण की डकैती के अलावा अन्य आपराधिक वारदातों में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
धनबाद, बोकारो और पुरुलिया के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहिउद्दीन अंसारी और सद्दाम अंसारी, दोनों निवासी गोपालपुर श्यामडीह, कतरास (धनबाद); गुलजार अंसारी, निवासी श्यामडीह, कतरास (धनबाद); सोबराती अंसारी, निवासी राहरगोडा, चंदनकियारी (बोकारो); और शेख जमील, निवासी झालदा (पुरुलिया, पश्चिम बंगाल), वर्तमान पता नवडीहा, चंदनकियारी (बोकारो) के रूप में हुई है।
16 लाख के गहने, कट्टा और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कतरास और चौपारण क्षेत्र से लूट के आभूषणों समेत कई सामान बरामद किए हैं। बरामदगी में लगभग 48.26 ग्राम सोने के आभूषण और 4.051 किलोग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, दो चाकू, एक पेचकस, एक प्लास, दो मोटरसाइकिल, दो हेलमेट और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य संपर्कों और दूसरी वारदातों में इसकी भूमिका की जांच कर रही है।
जेल से छूटते ही फिर अपराध की दुनिया में सक्रिय
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी झारखण्ड के विभिन्न जिलों में ज्वेलरी दुकानों की रेकी कर लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और बोकारो समेत कई इलाकों में उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। बताया गया है कि ये अपराधी वर्ष 2025 में गिरिडीह के बिरनी थाना क्षेत्र के एक मामले में जेल गए थे। जेल से छूटने के बाद दोबारा अपराध में सक्रिय हो गए थे।
पूछताछ में बगोदर और चांडिल थाना क्षेत्रों में हुई लूट की घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है। आरोपियों के खिलाफ झारखण्ड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पांच आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच का फोकस गिरोह के अन्य सदस्यों, लूटे गए शेष सामान और दूसरे जिलों में हुई समान वारदातों से इनके संबंधों का पता लगाने पर है।

