राँची में कोचिंग जा रही छात्रा से सरेराह छेड़खानी, बाल खींचकर बाइक पर बैठाने की कोशिश…लोगों ने आरोपी को पकड़ा
राँची।राजधानी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह कोचिंग जा रही 16 वर्षीय छात्रा के साथ सरेराह छेड़खानी और जबरन गाड़ी में बैठाने के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और जमकर धुनाई के बाद लालपुर पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।जानकारी के अनुसार मूल रूप से देवघर के निवासी और वर्तमान में मोरहाबादी के चंद्रावती एन्क्लेव में रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा लालपुर स्थित एक कोचिंग में 12वीं की छात्रा है।रविवार सुबह करीब 8 बजे वह कोचिंग जाने के लिए निकली थी।इसी दौरान करमटोली चौक से जेल मोड़ के बीच बाइक सवार एक युवक उसका पीछा करने लगा।
रास्ते में युवक ने छात्रा पर गाड़ी में बैठने का दबाव बनाया। जब छात्रा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।इसके बाद आरोपी ने जबरदस्ती करते हुए छात्रा के बाल खींचकर उसे पकड़ने का प्रयास किया और गलत नीयत से छेड़खानी करने लगा। अचानक हुए हमले से डरी छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया और लोगों से मदद की गुहार लगाई।आवाज सुनते ही आसपास के राहगीर और स्थानीय दुकानदार तुरंत मौके पर जुट गए। लोगों ने घेराबंदी कर आरोपी को भागने से पहले ही पकड़ लिया।
पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम गोलू कुमार, पिता संजय सिंह, निवासी भोजपुर (बिहार) बताया।इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत लालपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसकी बाइक जब्त कर थाने ले आई।पीड़िता ने घटना को लेकर लालपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

