राँची में 40 लाख की चोरी से मचा हड़कंप, बेटी की शादी के गहने तक ले उड़े चोर; बर्बाद हो गई परिवार की खुशियां
–एक महीने से बंद था पहाड़ी टोला स्थित मकान, दरवाजा तोड़कर घुसे चोरों ने अलमारी से लेकर कमरों तक खंगाला; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
राँची। राजधानी राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 40 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सबसे दुखद पहलू यह है कि चोर घर में रखे उन गहनों और सामान को भी उठा ले गए, जिन्हें परिवार ने अपनी बेटी की शादी के लिए बड़े अरमानों से जुटाया था। शादी के लिए खरीदे गए जेवरात, बर्तन और दुल्हन के अन्य सामान की चोरी से परिवार की खुशियों पर ग्रहण लग गया है।
जानकारी के अनुसार, मकान मालकिन शकीला खान अपनी तीन बेटियों के साथ रहती हैं। उनकी तीनों बेटियां बाहर नौकरी करती हैं। परिवार में एक बेटी की शादी की तैयारी चल रही थी। इसके लिए गहनों से लेकर शादी में इस्तेमाल होने वाले जरूरी सामान तक की खरीदारी कर घर में रखी गई थी। इसी सिलसिले में परिवार करीब एक महीने से बिहार स्थित अपने गांव गया हुआ था।घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है।
दरवाजा तोड़कर घर में घुसे चोर, अलमारियों को खंगाला
चोरों ने बंद मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारियों समेत अन्य सामान को खंगाल डाला। इसके बाद जेवरात, नकदी और दूसरे कीमती सामान के साथ बेटी की शादी के लिए खरीदे गए गहने, बर्तन और दुल्हन का सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना के दौरान परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।
स्थानीय लोगों ने फोन कर परिवार को घर में चोरी होने की जानकारी दी। इसके बाद राँची पहुंचे परिजनों ने जब घर के अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। सामान बिखरा पड़ा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं। बेटी की शादी के लिए जमा किए गए सामान की चोरी ने परिवार को गहरा आर्थिक और मानसिक आघात पहुंचाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस घटनास्थल से सुराग जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया कि घटनास्थल पर विभिन्न पहलुओं की जांच की गई है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस चोरों का सुराग हासिल करने और मामले का खुलासा करने में जुटी है।फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही चोरी गए सामान और वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

