घर में चली गोली, युवक की मौत…पास मिला 7.65 एमएम पिस्टल, हत्या या आत्महत्या में उलझी गुत्थी..
पलामू।जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव में घर के अंदर अचानक गोली चलने से अमरजीत चौहान उर्फ छोटू की मौत हो गई। युवक के सीने के पास गोली लगी थी। घटना के बाद मौके से 7.65 एमएम का पिस्टल बरामद होने से पूरे मामले का रहस्य और गहरा गया है। गोली कैसे चली, किसने चलाई और घटना के पीछे क्या वजह है, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नावाबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसडीपीओ ने घटना की पुष्टि की है।
सीने के पास लगी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम
नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव के अनुसार, अमरजीत को संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर गोली लगी थी। गोली उसके सीने के पास लगी। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल बरामद कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार से ही गोली चली थी या नहीं और घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद था।
हादसा, आत्महत्या या हत्या? हर एंगल पर जांच
युवक की मौत को लेकर फिलहाल तस्वीर साफ नहीं है। क्या गोली गलती से चली,क्या अमरजीत ने खुद गोली मारी या फिर किसी ने उसकी हत्या की है।पुलिस इन तीनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।
धनबाद में रहता था अमरजीत, हाल में आया था घर
बताया गया कि अमरजीत चौहान धनबाद में रहता था और हाल के दिनों में ही अपने घर आया था। उसके पिता सीसीएल में नौकरी करते थे। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन और शुभचिंतक मौके पर पहुंच गए। अमरजीत की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल घर के अंदर चली एक गोली और मौके से मिले 7.65 एमएम पिस्टल ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझ सकेगी।

