एक बाइक पर सवार थे तीन दोस्त, सर्कस देखकर लौटते वक्त मौत ने घेरा; अर्टिगा ने रौंदा,तीनों की मौत.. गांव में पसरा मातम

 

सरायकेला। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में ‘छाता मेला’ और पनामा सर्कस देखकर घर लौट रहे सरायकेला-खरसावां जिले के तीन युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव जुगिलांग लौट रहे थे। इसी दौरान पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर मालती चेक पोस्ट के समीप तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि तीनों युवक पश्चिम बंगाल के बलरामपुर में लगे ‘छाता मेला’ में पनामा सर्कस देखने गए थे। कार्यक्रम देखने के बाद तीनों बाइक से अपने घर नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों युवक बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।हादसे के बाद अर्टिगा चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान शिवम गोप (पिता- गौर गोप), लुकैस गोप (पिता- राजा राम गोप) और सपन गोप (पिता- हड़कू गोप) के रूप में हुई है।एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही जुगिलांग गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शोक में मृतकों के घर पहुंचने लगे।

पुलिस ने फरार अर्टिगा चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार चालक की पहचान स्पष्ट हो सके। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है।
वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

error: Content is protected !!