Ranchi: होटल से किराना दुकान तक शराब का खेल, नामकुम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई… 173 बोतल शराब बरामद

राँची। नामकुम थाना क्षेत्र में अवैध रूप से विदेशी शराब और बीयर बेचने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुंजू-नचलदाग और बुतियो इलाके में अलग-अलग दुकानों व होटल में छापेमारी कर कुल 79.44 लीटर अवैध शराब/बीयर बरामद की है। पुलिस ने मामले में बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो, शिव शंकर बड़ाईक और पंकज बड़ाईक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को 3 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि नामकुम क्षेत्र के तुंजू-नचलदाग स्थित बजरंग महतो के होटल तथा बुतियो में शिव शंकर बड़ाईक और शिवा बड़ाईक की दुकानों में बिना वैध कागजात के विदेशी शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम अमर कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

होटल में छिपाकर रखी थी शराब

सबसे पहले पुलिस टीम ने ग्राम तुंजू-नचलदाग स्थित बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो के होटल में छापेमारी की। यहां से 53 बोतल विदेशी शराब और बीयर, कुल 24.5 लीटर बरामद हुई। शराब से संबंधित वैध कागजात नहीं दिखाए जाने पर पुलिस ने शराब जब्त कर बजरंग महतो को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, होटल के कमरे में कार्टन के अंदर शराब छिपाकर रखी गई थी। बरामद सामान में Kingfisher Strong Beer, Sterling Reserve B7 Whisky और ICONIQ White Whisky शामिल हैं।

किराना दुकानों में भी शराब का स्टॉक

इसके बाद पुलिस टीम बुतियो पहुंची, जहां शिव शंकर बड़ाईक और शिवा बड़ाईक की दुकानों पर छापेमारी की गई। शिव शंकर बड़ाईक की दुकान के फ्रीज और कार्टन से 79 बोतल/कैन शराब-बीयर, कुल 38.39 लीटर बरामद हुई।पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान शिव शंकर बड़ाईक पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, उसके पुत्र एवं दुकान के सहयोगी संचालक पंकज बड़ाईक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, शिवा बड़ाईक की दुकान से 41 बोतल/कैन शराब-बीयर, कुल 16.55 लीटर बरामद की गई। यहां से Godfather Strong Beer और ICONIQ White Whisky समेत अन्य शराब बरामद हुई।

कुल 173 बोतल-कैन जब्त

पुलिस ने तीनों ठिकानों से कुल 173 बोतल/कैन में 79.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। बरामद शराब में Kingfisher, Godfather, Sterling Reserve B7, ICONIQ, 8PM Premium Black Elite और McDowell’s Luxury Whisky समेत कई ब्रांड शामिल हैं।

मामले में नामकुम थाना कांड संख्या 274/26, दिनांक 03.10.2026 के तहत BNS की धारा 275/292 तथा Excise Act की धारा 47(A)/52(D) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

ये तीन आरोपी गिरफ्तार

बजरंग महतो उर्फ हरिनाथ महतो (48 वर्ष), पिता-भैरो महतो, नचलदाग, तुंजू

शिव शंकर बड़ाईक (50 वर्ष), पिता-स्व. महादेव बड़ाईक

पंकज बड़ाईक (29 वर्ष), पिता-शिव शंकर बड़ाईक, दोनों नामकुम थाना क्षेत्र, राँची

छापेमारी टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम, नामकुम थाना प्रभारी  समेत पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।

error: Content is protected !!