15 केस, 50 हजार का इनाम… चतरा पुलिस के हत्थे चढ़ा बिहार का टॉप-10 अपराधी

चतरा। जिले के हंटरगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बिहार के टॉप-10 अपराधियों में शामिल एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गयाजी जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के रेबदा गांव निवासी रामभज्जू यादव के रूप में हुई है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बोलेरो और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, रामभज्जू अपने साथियों के साथ मिलकर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक अपराधी चोरी की गाड़ी से गोपालपुर के रास्ते जजलो बाजार की ओर आने वाला है।
सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने मिरपुर कब्रिस्तान के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार रामभज्जू यादव पुलिस के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और बोलेरो के कोई कागजात भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

15 संगीन मामलों में रहा है नाम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार रामभज्जू यादव का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 15 मामले दर्ज हैं। ये मामले बिहार और झारखंड के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज बताए गए हैं। इनमें गया, नवादा, पाकुड़, चौपारण और हंटरगंज समेत अन्य थाना क्षेत्र शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी जेल जा चुका है और उसकी गिनती बिहार के टॉप-10 अपराधियों में होती है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर उसके साथियों और चोरी की बोलेरो के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि चतरा में वह किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

error: Content is protected !!