रामपुर गोलीकांड: जांच में लापरवाही और आरोपियों को मदद के आरोप, SI सस्पेंड
पलामू। जमीन विवाद में हुई फायरिंग और युवक की मौत के चर्चित रामपुर गोलीकांड की जांच में लापरवाही बरतना सब-इंस्पेक्टर क्षितिज सोनी को भारी पड़ गया। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल की जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया है। सब-इंस्पेक्टर पर अनुसंधान में गंभीर लापरवाही बरतने के साथ आरोपियों को कथित तौर पर मदद पहुंचाने की कोशिश करने का भी आरोप है।
गोलीकांड में एक युवक की हुई थी मौत, तीन घायल हुए थे
मामला 23 मई 2026 का है। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग हुई थी। इस घटना में सकेंद्र चौधरी नामक युवक की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।इस चर्चित मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी चैनपुर थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर क्षितिज सोनी को सौंपी गई थी।
SP के निर्देशों की अनदेखी, कॉल डिटेल की जांच में भी चूक
मामले के अनुसंधान के दौरान कई स्तरों पर लापरवाही सामने आने की बात कही गई है। जानकारी के अनुसार, पलामू एसपी कपिल चौधरी ने जांच को लेकर कई बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किए थे, लेकिन अनुसंधानकर्ता पर इन निर्देशों का पालन नहीं करने का आरोप है।जांच में यह भी सामने आया कि नामजद आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) नहीं निकाली गई। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों की कॉल डिटेल का भी केस डायरी में उल्लेख नहीं किया गया। इन चूकों के कारण मामले के अनुसंधान पर सवाल उठे।
SDPO की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
अनुसंधान में लापरवाही और आरोपियों को कथित तौर पर मदद पहुंचाने की कोशिश के आरोपों की जांच बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने की थी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर एसपी कपिल चौधरी ने सब-इंस्पेक्टर क्षितिज सोनी को निलंबित करने का आदेश दिया।एसपी ने स्पष्ट किया कि मामले के अनुसंधान में लापरवाही बरतने के कारण यह कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान आरोपियों को मदद पहुंचाने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है।
रामपुर गोलीकांड में एक युवक की मौत हुई थी और तीन लोग घायल हुए थे। ऐसे में इस मामले के अनुसंधान में बरती गई कथित लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद इस चर्चित गोलीकांड के अनुसंधान पर सबकी नजर बनी हुई है।

