जमशेदपुर उडुपी रेस्टोरेंट फायरिंग मामला: रायपुर टोल प्लाजा के पास चार आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में खुलेगा राज

जमशेदपुर। सोनारी के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद पुलिस ने फरार चारों आरोपियों को छत्तीसगढ़ के रायपुर में दबोच लिया। वारदात के बाद आरोपी दो गाड़ियों से भागे थे, लेकिन रास्ते में एक वाहन खराब हो गया। इसके बाद चारों दूसरी गाड़ी में सवार होकर आगे बढ़ रहे थे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए रायपुर के पास टोल प्लाजा पर उन्हें रोककर गिरफ्तार कर लिया।फायरिंग की घटना शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी। रेस्टोरेंट में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी समेत अन्य लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। इनमें से दो रेस्टोरेंट के अंदर घुसे और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। करीब 11 राउंड फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से चार लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया।

CCTV ने खोला रास्ता, बंगाल से रायपुर तक पीछा
घटना के बाद पुलिस ने रेस्टोरेंट और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज से हमलावरों की गतिविधियों के अहम सुराग मिले। एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित SIT ने इसके बाद बंगाल और आसपास के कई इलाकों में लगातार छापेमारी की।जांच के दौरान आरोपियों के छत्तीसगढ़ की ओर निकलने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां निगरानी बढ़ाई और आखिरकार रायपुर टोल प्लाजा के पास चारों को गिरफ्तार कर लिया।

जमीन और रेलवे ठेकेदारी विवाद की जांच
पुलिस फायरिंग के पीछे जमीन कारोबार और रेलवे ठेकेदारी से जुड़े विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुरानी रंजिश और वर्चस्व के एंगल को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की साजिश किसने रची, हथियार कहां से आए और इस मामले में इनके अलावा कोई और भी शामिल है या नहीं।
घटना के बाद मौके पर कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब समेत कई वरीय अधिकारी पहुंचे थे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई थी। SIT के लगातार अभियान के बाद पुलिस को आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली।

error: Content is protected !!