पुलिस की दबिश से बौखलाए अपराधी, मुखबिरी के शक में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग; सिर को छूकर निकली गोली,अस्प्ताल में भर्ती
सरायकेला। आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार देर रात गोलियों की आवाज से सनसनी फैल गई। पुलिस की मुखबिरी के शक में अपराधियों ने अब्दुल जाफर नामक युवक को घेरकर उस पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के सिर को छूती हुई निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।घटना के बाद बस्ती में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। अस्पताल से लेकर घटनास्थल तक बड़ी संख्या में लोग जुट गए और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराजगी जताई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात इलाके के चर्चित अपराधी अजहर और कलीम बस्ती में मौजूद थे। इसी दौरान किसी मामले को लेकर आदित्यपुर पुलिस ने इलाके में दबिश दी। पुलिस के अचानक पहुंचने के बाद दोनों को शक हुआ कि उनकी मौजूदगी की सूचना अब्दुल जाफर ने पुलिस तक पहुंचाई है।इसी शक के बाद दोनों ने जाफर को घेर लिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद पिस्तौल निकालकर उस पर गोली चला दी गई। गोली सिर को छूते हुए निकल गई और जाफर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की। हालांकि, आरोप है कि दोनों अपराधी अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।बताया जा रहा है कि दोनों का नाम पुराने आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि वे लंबे समय बाद इलाके में कथित तौर पर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार को दोबारा सक्रिय करने के उद्देश्य से पहुंचे थे। इस पहलू की पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमलावरों के एक संदिग्ध सहयोगी को हिरासत में लिया है। उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे सिर्फ मुखबिरी का शक था या इसके पीछे किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़ा कोई अन्य विवाद भी है।

