राँची रेलवे स्टेशन से रहस्यमय तरीके से गायब हुआ 4 साल का बच्चा,माँ ने जताई अपहरण की आशंका,चुटिया थाने में FIR दर्ज…

–पति से विवाद के बाद दो बच्चों को लेकर निकली थी महिला, आंध्र प्रदेश से लौटने के दौरान राँची स्टेशन पर हुआ बच्चा गायब, CCTV खंगाल रही पुलिस

राँची।राँची रेलवे स्टेशन परिसर से गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक महिला का चार वर्षीय बेटा अचानक लापता हो गया। महिला अपने छह वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटे के साथ स्टेशन पहुंची थी। ऑटो चालक से बातचीत करने के दौरान उसका बेटा विवान कुमार अचानक नजरों से ओझल हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर माँ ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बच्चे को अगवा किए जाने की आशंका जताई है। मामले में चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

एस्केलेटर के पास बच्चों को खड़ा कर ऑटो की कर रही थी तलाश

एफआईआर में दिए गए विवरण के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित महामाया पारा की रहने वाली दिलमेत राजवाड़े गुरुवार सुबह करीब 8:15 बजे से 8:30 बजे के बीच अपने दोनों बच्चों के साथ राँची रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। स्टेशन के एस्केलेटर के पास उन्होंने अपना सामान रखा और दोनों बच्चों को वहीं खड़ा कर अंबिकापुर जाने के लिए ऑटो चालकों से बातचीत करने लगीं।इसी दौरान उनकी नजर बच्चों पर नहीं रही और कुछ ही देर बाद उनका चार वर्षीय बेटा विवान कुमार वहां से गायब मिला। माँ ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पति से विवाद के बाद बच्चों को लेकर निकली थी घर से

महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में अपने पारिवारिक विवाद का भी जिक्र किया है। उसके मुताबिक, 19 सितंबर को पति के शराब पीकर झगड़ा करने से परेशान होकर वह अपने दोनों बच्चों को लेकर घर से निकल गई थी। इसके बाद वह आंध्र प्रदेश के सेलम गई थी और वहां से वापस छत्तीसगढ़ लौट रही थी। इसी क्रम में वह गुरुवार को राँची रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां उसका छोटा बेटा अचानक लापता हो गया।

मां को अपहरण की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
बच्चे के अचानक गायब होने के बाद मां ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर उसे बहला-फुसलाकर या जबरन अपने साथ ले जाने की आशंका जताई है। चुटिया थाना पुलिस ने महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्टेशन परिसर और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बच्चे के स्टेशन से निकलने या किसी संदिग्ध व्यक्ति के साथ जाने से जुड़ी कोई जानकारी मिल सके।

लापता बच्चे का हुलिया
नाम: विवान कुमार
उम्र: करीब 4 वर्ष
कद: करीब 3 फीट
रंग: सांवला
चेहरा: चौड़ा
बाल: छोटे और काले, सिर के बीच में पुराने घाव के निशान के कारण उस हिस्से में बाल कम
कपड़े: आसमानी रंग की चेकदार हाफ शर्ट और सफेद रंग का चेकदार हाफ पैंट

फिलहाल पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी है और स्टेशन परिसर समेत आसपास के संभावित इलाकों में जांच की जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बच्चा किस दिशा में गया और उसके साथ क्या हुआ।

error: Content is protected !!