कोडरमा स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, धुआं निकलते ही मची अफरा-तफरी; समय रहते अलग किया गया कोच
कोडरमा। कोडरमा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन (53373) के अंतिम कोच में अचानक आग लग गई। कोच से धुआं निकलता देख यात्रियों ने तत्काल रेलकर्मियों को सूचना दी, जिसके बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए आग की चपेट में आए कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।
बताया गया कि ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी थी और दोपहर 3:15 बजे बरकाकाना के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान अंतिम बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया। यात्रियों की सूचना पर रेलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।आग जिस कोच में लगी, वह दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित था और उस समय उसमें कोई यात्री सवार नहीं था। इससे बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, पास की बोगी में यात्री अपनी सीटों पर मौजूद थे।
सात अग्निशमन यंत्रों से बुझाने की कोशिश
आग पर काबू पाने के लिए रेलकर्मियों ने पहले सात अग्निशमन यंत्रों का इस्तेमाल किया। रेलवे परिसर में लगे नल से पाइप जोड़कर भी आग बुझाने की कोशिश की गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया।आग बुझाने की कार्रवाई में आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ कर्मी भी मौके पर मौजूद रहे।
यात्रियों ने बताई आंखों देखी स्थिति
ट्रेन में सवार यात्रियों के अनुसार, बैठने के दौरान अचानक उन्हें कुछ जलने की गंध महसूस हुई। बाहर निकलकर देखा तो ट्रेन के ठीक पीछे वाले कोच से धुआं उठ रहा था और उसमें आग लगी थी।स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि ट्रेन के रवाना होने से कुछ देर पहले अंतिम कोच से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई कर आग पर काबू पाया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने भी पहुंचकर आग पूरी तरह बुझाई।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

