पहले प्यार का भरोसा,फिर शादी का झांसा,बनाएं सम्बंध…5 लाख रुपये लेने का आरोप, सहकर्मी पर एफआईआर दर्ज…
राँची।राजधानी राँची में सहकर्मी से दोस्ती और प्रेम संबंध के बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने तथा पांच लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। मामले में युवती की शिकायत पर गोंदा थाना पुलिस ने उसके सहकर्मी नामकुम इलाके के निवासी विवेक कुमार राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर 23 सितंबर 2026 को दर्ज की गई है।
शिकायतकर्ता पीड़िता के अनुसार, वह और आरोपी एक ही शहर के एक कार शोरूम में काम करते थे। आरोपी विवेक कुमार राय कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव, जबकि पीड़िता क्वालिटी केयर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। करीब दो वर्ष पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
आरोप है कि इसी दौरान विवेक ने विभिन्न किस्तों में शिकायतकर्ता से करीब 5 लाख रुपये लिए और रकम वापस करने की बात कही, लेकिन बाद में पैसे नहीं लौटाए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शादी का भरोसा देकर आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
माँ से भी मिलवाया, शादी का दिया भरोसा
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसे अपने घर ले गया और अपनी माँ से भी मिलवाया। वहां शादी की बात कही गई। आरोपी की माँ ने कथित तौर पर पीड़िता को 1,001 रुपये शगुन के तौर पर दिए और शादी की बात कही। इसके बाद जब पीड़िता शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा और बातचीत से भी बचने लगा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब वह अपनी माँ के साथ आरोपी के घर मामले को लेकर बातचीत करने पहुंची, तो वहां उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई। इसके बाद कथित तौर पर आपराधिक तत्वों से धमकी दिलाने का भी आरोप लगाया गया।शिकायत में कहा गया है कि उसे और उसकी माँ को जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद उसने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई।गोंदा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 316(2), 352, 351(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एफआईआर में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

