जेल में शौच जाने के बहाने निकला पत्नी की हत्या का आरोपी, पेड़ पर गमछे से लगा ली फांसी; समय रहते बची जान
राँची।होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। कैदी शौच जाने के बहाने बैरक से निकला और जेल परिसर में पेड़ पर चढ़कर गमछे के सहारे फंदे से झूल गया।
हालांकि, डाल में हलचल और आवाज सुनकर सतर्क हुए सुरक्षाकर्मियों ने उसे समय रहते नीचे उतार लिया। गंभीर हालत में उसे तत्काल रिम्स भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया।
घटना रविवार दोपहर करीब 1:49 बजे की है। कैदियों की गिनती के बाद रंथु महतो ने शौच जाने की बात कही और शौचालय के पीछे की तरफ चला गया। उसके गले में गमछा था। वहां पहुंचने के बाद वह अचानक एक पेड़ पर चढ़ गया और करीब 1:52 बजे गमछे का फंदा बनाकर पेड़ की डाल से झूल गया।पेड़ की डाल में हलचल और तेज आवाज होने पर वहां तैनात जेल सिपाहियों को शक हुआ। सुरक्षाकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और रंथु को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसे जेल अस्पताल पहुंचाया गया।
कैदी की हालत गंभीर देखते हुए जेल के डॉक्टरों ने करीब 1:56 बजे उसे ऑक्सीजन सपोर्ट दिया। इसके बाद बिना समय गंवाए एंबुलेंस की व्यवस्था कर उसे रिम्स भेजा गया। जेल पुलिस के दो जवान उसके साथ रिम्स पहुंचे। करीब 2:14 बजे रिम्स के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू कर दिया।
इलाज के बाद हालत में कुछ सुधार हुआ, जिसके बाद उसे न्यूरो सर्जरी विभाग में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कैदी को रिम्स पहुंचाने में हुई मामूली देरी भी उसकी जान पर भारी पड़ सकती थी।
रंथु महतो रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड़ का रहने वाला है। उसकी शादी 26 अप्रैल 2024 को नगड़ी निवासी संगीता कुमारी से हुई थी। शादी के करीब 17 महीने बाद 29 सितंबर 2025 को संगीता का शव उसके घर के आंगन में बने कुएं से बरामद हुआ था। बताया गया कि उस समय संगीता करीब छह महीने की गर्भवती थी।
घटना के बाद मृतका के पिता कृष्णा महतो ने अपने दामाद रंथु महतो समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद रातू पुलिस ने रंथु को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था और तब से वह बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद था।जेल प्रशासन के अनुसार, रंथु महतो जेल आने के बाद से ही मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। इसी परेशानी के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। फिलहाल रिम्स में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

