रील बनाने की चाह बनी मौत का कारण, चेकडेम में डूबे दो स्कूली छात्रों की मौत–

–चार घंटे की मशक्कत के बाद धोबई नदी से बरामद हुए दोनों के शव, परिजनों में मचा कोहराम

दुमका। सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक रविवार को दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। हंसडीहा थाना क्षेत्र के हथगढ़ स्थित धोबई नदी के चेकडेम में रील बनाने के दौरान दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 16 वर्षीय रमन मंडल और 15 वर्षीय उमेश कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र रविवार को चेकडेम के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उमेश रील बनाने के लिए पानी में उतर गया। वह देखते ही देखते गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्त को संकट में देख रमन ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज धारा और गहराई के कारण वह भी पानी में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय तैराकों की मदद से दोनों छात्रों की तलाश शुरू की गई। करीब चार घंटे तक चले अभियान के बाद दोनों के शव पानी से बरामद किए जा सके।

दोनों थे अपने माता-पिता की इकलौती संतान
रमन और उमेश हंसडीहा उच्च विद्यालय के छात्र थे। रमन कक्षा 10वीं, जबकि उमेश कक्षा 9वीं में पढ़ता था। दोनों अपने-अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। दो परिवारों की उम्मीद रविवार को अचानक मातम में बदल गई।शव बरामद होते ही घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रमन की बहन और उमेश की मां शव देखते ही बेसुध हो गईं। परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।

पोस्टमार्टम से परिजनों ने किया इंकार
शव बरामद होने के बाद परिजन दोनों को अपने साथ घर ले गए और पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। मामले को लेकर प्रशासन और परिजनों के बीच समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा।
इस हादसे ने एक बार फिर सोशल मीडिया के लिए जोखिम उठाने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ सेकेंड की रील के लिए उठाया गया कदम दो परिवारों से उनकी सबसे बड़ी खुशियां छीन गया।

error: Content is protected !!