राँची के बरियातू में आधी रात शराब पार्टी के बीच चली गोली, युवक के पेट में लगी,हालत गंभीर..जांच में जुटी है पुलिस…
राँची। राजधानी राँची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच शराब पार्टी के दौरान अचानक गोली चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोली चला दी गई। गोली लगने से कमड़े (रातू) निवासी टोनी लोहरा गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल टोनी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंडा बगीचा में रविवार देर रात कई युवक जुटे हुए थे। आरोप है कि वहां शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी बीच अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
गोली टोनी लोहरा के पेट में लगी। फायरिंग के बाद मौके पर मौजूद अन्य युवक वहां से फरार हो गए। गोली चलने की सूचना आसपास के लोगों को मिली तो वे घटनास्थल पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश शुरू की।
घायल और दोस्तों ने कहा- पता नहीं चला गोली किसने चलाई
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में घायल युवक और उसके साथ मौजूद दोस्तों ने बताया कि विवाद के दौरान गोली चली, लेकिन गोली किसने चलाई और किस दिशा से चलाई गई, इसका उन्हें पता नहीं चल पाया। यही वजह है कि पुलिस के लिए गोली चलाने वाले युवक की पहचान करना चुनौती बना हुआ है।पुलिस अब घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि शराब पार्टी में कौन-कौन युवक शामिल थे और विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से संभावित साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने गोलीबारी में शामिल युवकों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी भी शुरू कर दी है। साथ ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस अब मंडा बगीचा और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे और गोली चलने के बाद कौन युवक किस दिशा में भागे।
पुलिस को उम्मीद है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज से घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ सकती हैं और गोली चलाने वाले युवक की पहचान हो सकती है।
मंडा बगीचा को लेकर स्थानीय लोगों में बढ़ी चिंता
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंडा बगीचा धीरे-धीरे असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। देर रात तक यहां युवकों का जमावड़ा लगा रहता है और शराब पीने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। रविवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घायल टोनी लोहरा की स्थिति पर भी पुलिस नजर बनाए हुए है। गोली चलाने वाले युवक की पहचान और विवाद के वास्तविक कारण का खुलासा पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ही हो सकेगा।

