लापता युवक की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; तलाश के दौरान दामोदर किनारे मिला अज्ञात शव

 

हजारीबाग। जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय संदीप ठाकुर उर्फ पापुन के लापता होने का मामला अब सनसनीखेज हत्या की ओर मुड़ गया है। पुलिस ने मामले में कोले गांव निवासी सन्नी गंझू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने संदीप की गोली मारकर हत्या करने और शव को दामोदर नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है।हालांकि, पुलिस को अभी तक संदीप का शव बरामद नहीं हुआ है।

बताया जाता है कि संदीप ठाकुर 25 अगस्त से लापता था। अचानक उसके गायब होने के बाद परिजनों ने गांव और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की। कई दिनों तक कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 29 अगस्त को केरेडारी पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह की सुई संदीप के ही परिचित सन्नी गंझू पर जाकर टिक गई।

पूछताछ में खुला हत्या का राज
पुलिस ने सन्नी को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की तो कथित तौर पर उसने संदीप की हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि आपसी रंजिश को लेकर उसने संदीप को गोली मारी थी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए दामोदर नदी में फेंकने की बात भी पूछताछ में सामने आई।

आरोपी के बयान के बाद केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दामोदर नदी के किनारे जंगल और दुर्गम इलाकों में शव की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को आरोपी द्वारा बताए गए क्षेत्र के आसपास तलाशी के दौरान एक अज्ञात शव भी बरामद हुआ। पुलिस ने संदीप के परिजनों को मौके पर बुलाकर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने बरामद शव को संदीप ठाकुर का शव मानने से इनकार कर दिया।

साढ़े तीन किलोमीटर तक कंधे पर ढोकर लाया गया शव
अज्ञात शव को बरामद करने के दौरान पुलिस टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जंगल और नदी किनारे का रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से शव को करीब साढ़े तीन किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर सड़क तक लाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया।

फिलहाल अज्ञात शव को शीतगृह में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने आसपास के थानों को भी इसकी सूचना दे दी है, ताकि शव की पहचान कराई जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह शव आखिर किसका है और किन परिस्थितियों में दामोदर नदी के किनारे पहुंचा।

दोस्त ही निकला संदीप का दुश्मन!
संदीप और गिरफ्तार आरोपी सन्नी गंझू के बीच पहले से जान-पहचान थी। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ कि दोस्ती दुश्मनी में बदल गई और मामला हत्या तक पहुंच गया। पुलिस आरोपी के बयान के आधार पर हत्या की असली वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान के आधार पर संदीप के शव की तलाश लगातार जारी है। साथ ही बरामद अज्ञात शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद करना भी पुलिस की जांच का अहम हिस्सा है।

फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे बड़ा रहस्य संदीप के शव का है। आरोपी हत्या की बात कबूल कर चुका है, लेकिन शव की बरामदगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। मामले की जांच जारी है।

error: Content is protected !!