अफीम की डील करने पहुंचे थे तस्कर, पुलिस को देखते ही बरसाईं गोलियां; जवाबी फायरिंग में एक घायल, 3 गिरफ्तार

-चौपारण में हथियार के बल पर पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था तस्कर, करीब 10 किलो 100 ग्राम अफीम बरामद

हजारीबाग। जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अफीम की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचे तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखकर भाग रहे एक तस्कर ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें भाग रहे तस्कर के पेट के बाएं हिस्से में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल तस्कर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र में कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने चौपारण थाना प्रभारी को सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के संभावित स्थानों पर निगरानी शुरू कर दी।

निगरानी के दौरान हथियाबाबा मंदिर के आसपास पुलिस टीम ने छापेमारी की। इसी क्रम में एक Fronix नीले रंग की कार और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ तीन संदिग्ध लोग दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दो लोगों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी जंगल की ओर भागने लगा।
पुलिसकर्मियों ने भाग रहे आरोपी का पीछा किया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में भाग रहे आरोपी के पेट के बाएं हिस्से में गोली लगी और वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा।

घायल आरोपी की पहचान अजय कुमार सिंह, पिता मुनेश सिंह, साकिन चांपी, थाना बाराचट्टी, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस अभिरक्षा में प्राथमिक उपचार कराने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स भेजा गया है।

पुलिस ने गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान आकाश हर्ष राज उर्फ ऋतिक कुमार, पिता राजकुमार दांगी, ग्राम उटा मोड़, थाना सदर, जिला चतरा तथा सोनू कुमार, पिता संजय कुमार, ग्राम काहूदाग, थाना बाराचट्टी, जिला गया (बिहार) के रूप में की है।

तस्करों के पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के पास से करीब 10 किलो 100 ग्राम अफीम एवं अफीम कट बरामद किया है। इसके अलावा एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोलियां, एक खोखा, एक नीले रंग की कार, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।पुलिस की इस कार्रवाई से चौपारण क्षेत्र में सक्रिय अफीम तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। बरामद अफीम की मात्रा से अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी बड़े स्तर पर नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री की तैयारी में थे। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।

चार सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई
पूरी कार्रवाई चौपारण थाना प्रभारी पुअनि पंकज कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में पुअनि कुणाल किशोर, सअनि बदल महतो समेत चौपारण थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास, अफीम तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को चौपारण इलाके में मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।

 

error: Content is protected !!