जामताड़ा: गार्ड ऑफ ऑनर के साथ DSP प्रमोद कुमार सिंह को अंतिम विदाई, पुलिस महकमे में शोक की लहर
जामताड़ा। झारखण्ड पुलिस के कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी और आईआरबी-1 जामताड़ा में पदस्थापित DSP प्रमोद कुमार सिंह (55) को शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जामताड़ा के झिलुआ स्थित आईआरबी-1 कैंप में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। जैसे ही जवानों ने सम्मान में हथियार झुकाए, पूरा परिसर गमगीन हो उठा और मौजूद अधिकारियों की आंखें भी नम हो गईं। उनके निधन से झारखण्ड पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार सिंह इन दिनों श्रावणी मेला ड्यूटी के तहत धनबाद रेल पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। गुरुवार शाम ड्यूटी पूरी कर आईआरबी कैंप लौटने के बाद वह अपने आवास के किचन में थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल जामताड़ा के सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदय गति रुकना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर आईआरबी-1 झिलुआ कैंप लाया गया। यहां एसपी शंभू कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जवान और कर्मियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पुलिस बैंड की धुन और गार्ड ऑफ ऑनर के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गई। अधिकारियों ने उन्हें एक ईमानदार, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी बताया।
बिहार के आरा के रहने वाले थे, परिवार राँची में
DSP प्रमोद कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के आरा के निवासी थे। वर्तमान में उनका परिवार राँची के कटहल मोड़ इलाके में रहता है। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिजन जामताड़ा पहुंचे। पुलिस विभाग ने विभागीय सम्मान के साथ पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस विभाग ने जताया गहरा दुख
जामताड़ा पुलिस और आईआरबी-1 के अधिकारियों ने कहा कि प्रमोद कुमार सिंह हमेशा अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाते थे। उनके अचानक निधन से विभाग ने एक अनुभवी और समर्पित अधिकारी को खो दिया है। पूरे पुलिस महकमे में शोक का माहौल है और सहकर्मियों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

