तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से मौत; एक-दूसरे को बचाने में गई तीन जिंदगियां
धनबाद। जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड़ स्थित तालाब में शुक्रवार को नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गहरे पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे पास के तालाब में नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे अक्सर इसी तालाब में नहाया करते थे। शुक्रवार को भी वे नहाने के लिए तालाब में उतरे। इसी दौरान एक बच्ची अचानक गहरे पानी की ओर चली गई और डूबने लगी।
बच्ची को डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों बच्चे भी गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते तीनों बच्चे पानी में डूब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में तालाब के पास जुटे और बच्चों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया।
ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चों की पहचान रूझझल, कुंदरी और आभा के रूप में बताई गई है। हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। तीन मासूमों की मौत की खबर से गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद तोपचांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों के बीच तालाब की गहराई और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
रक्षाबंधन के त्योहार के दिन एक साथ तीन बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस तालाब में बच्चे रोजाना नहाने जाते थे, वही शुक्रवार को तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम दे गया। तीनों मासूमों के शव अस्पताल में देख परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

