जमीन के झगड़े में उजड़ा पूरा परिवार, पति-पत्नी और 12 साल के बेटे की हत्या; अलग-अलग जगह दफनाए शव

 

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। केंजरा टोली तारोपबुरु में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर उनके शवों को अलग-अलग स्थानों पर दफन किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान रजिन दोरायबुरु (40), उसकी पत्नी जानो दोरायबुरु (38) और उनके 12 वर्षीय बेटे काण्डे दोरायबुरु के रूप में हुई है। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में जमीन विवाद को हत्या की वजह बताया गया है।

26 अगस्त को सामने आया मामला, फिर शुरू हुई तलाश
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को रमिया दोरायबुरु ने टोंटो थाना में लिखित सूचना देकर बताया कि उसके परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर उनके शवों को कहीं दफना दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक, चाईबासा को दी गई।एसपी के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम में झींकपानी अंचल के पुलिस निरीक्षक प्रेमचंद भगत, टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह, पुअनि रणधीर कुमार, पुअनि विजय कुजूर समेत पुलिस रिजर्व गार्ड के जवान शामिल किए गए।

दो युवकों से पूछताछ में खुलता गया हत्या का राज
जांच के दौरान पुलिस ने बोंज दोरायबुरु (19) और मुचिया दोरायबुरु (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने पुलिस के समक्ष हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, दोनों ने जमीन विवाद को वारदात की मुख्य वजह बताया।
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनकी निशानदेही पर रजिन दोरायबुरु और उसके 12 वर्षीय बेटे काण्डे का शव बरामद किया। वहीं, मृतका जानो दोरायबुरु का शव घटनास्थल से करीब छह किलोमीटर दूर जंगल से बरामद हुआ। एक ही परिवार के तीन लोगों के शवों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाने की कोशिश से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

निशानदेही पर मिली खून से सनी कुल्हाड़ी
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की है। पुलिस अब हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि तीनों की हत्या किस क्रम में और किस परिस्थिति में की गई तथा शवों को अलग-अलग स्थानों पर दफनाने के पीछे आरोपियों की क्या मंशा थी।बरामद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेजा गया। पुलिस के अनुसार, शवों की स्थिति को देखते हुए फोरेंसिक जांच के लिए उन्हें एमजीएम, जमशेदपुर भेजे जाने की जानकारी दी गई है।

दोनों आरोपी जेल भेजे गए
मामले में गिरफ्तार बोंज दोरायबुरु और मुचिया दोरायबुरु को पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया के तहत चाईबासा जेल भेज दिया है। पुलिस हत्या के पीछे बताए जा रहे जमीन विवाद के साथ-साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या से केंजरा टोली तारोपबुरु और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई, हत्या की वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया और तीनों शवों को अलग-अलग जगहों पर दफनाने की योजना किसने बनाई थी।

error: Content is protected !!