पेट में गोली लगने से युवक घायल, कैसे लगी गोली;नहीं बता सका; पुलिस जांच में जुटी

पलामू। शहर के टाउन थाना क्षेत्र के जेल हाता इलाके में मंगलवार की रात एक युवक के पेट में गोली लगने की घटना से सनसनी फैल गई। घायल युवक की पहचान लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी जितेंद्र कुमार पासवान के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जितेंद्र कुमार पासवान बैरिया चौक के पास एक आर्किटेक्ट के यहां काम करता है। युवक ने पुलिस को बताया कि जेल हाता चौक के पास अचानक उसके पेट से खून निकलने लगा। इसके बाद उसे गोली लगने का एहसास हुआ। हालांकि, गोली कैसे लगी, इस बारे में वह पुलिस को स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।
घटना को लेकर पुलिस ने कई बिंदुओं पर सवाल उठाए हैं। पुलिस के अनुसार युवक को रात करीब 8:30 बजे गोली लगने की बात सामने आई है, जबकि उसे अस्पताल में रात 9:30 बजे के बाद भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि युवक का घर अस्पताल से करीब 400 मीटर की दूरी पर है, जबकि कथित घटनास्थल भी घर और अस्पताल से महज कुछ मिनट की दूरी पर है।
सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने घटना को पूरी तरह संदिग्ध बताते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि गोली लगने के करीब एक घंटे बाद युवक के अस्पताल पहुंचने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से युवक का घर करीब पांच से सात मिनट की दूरी पर है और घर से अस्पताल पहुंचने में भी महज दो से तीन मिनट लगते हैं। ऐसे में घटना के समय और अस्पताल पहुंचने के बीच का अंतर पुलिस के लिए जांच का अहम बिंदु बना हुआ है।
थाना प्रभारी ने कहा कि युवक द्वारा बताई गई जानकारी के अलावा पुलिस घटनास्थल, घटनाक्रम और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। गोली किस परिस्थिति में लगी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसका पता अनुसंधान के बाद ही चल सकेगा।
इधर, युवक को गोली लगने की सूचना मिलते ही उसके परिजन और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

