होटल से निकलते ही बरसीं गोलियां, जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की हत्या; चांडिल में दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप

जमशेदपुर/चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने पूरे जमशेदपुर,सरायकेला और आसपास के इलाके को हिला दिया। कांदरबेड़ा-आसनबनी स्थित टेंथ माइल स्टोन होटल परिसर में अज्ञात अपराधियों ने जमशेदपुर के युवा होटल कारोबारी निखार सबलोक (33) को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल निखार को उनके साथियों ने तत्काल जमशेदपुर के टीएमएच पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
टेंथमाइल होटल के ठीक सामने अपराधियों ने क्रिस्टल होटल के मालिक निखार सबलोक को निशाना बनाकर पीछे से अंधाधुंध गोलीबारी कर दी.. सीसीटीवी में कैद शार्प शूटर।

मीटिंग खत्म कर होटल से बाहर निकले, तभी गोलियों से छलनी किया
जानकारी के अनुसार, कदमा थाना क्षेत्र के विजया हेरिटेज निवासी निखार सबलोक सोमवार दोपहर व्यावसायिक सिलसिले में टेंथ माइल स्टोन होटल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि होटल में उन्होंने कुछ लोगों के साथ मीटिंग की। मीटिंग खत्म होने के बाद जैसे ही वह होटल से निकलकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़े, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।अचानक गोलियां चलने से होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक निखार को चार गोलियां लगीं। जिसमे में एक गोली सिर में लगने की बात भी सामने आई है। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से मिले नौ खोखे, CCTV में संदिग्धों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को खंगालते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से नौ खोखे मिलने की जानकारी सामने आई है। होटल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में दो संदिग्धों के घटनास्थल के आसपास दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के जरिए उनकी पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर स्थानीय थे या बाहर से आए थे। कुछ रिपोर्टों में बाइक सवार हमलावरों की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी अंतिम पुष्टि अभी नहीं हुई है।
क्या पहले से रची गई थी हत्या की साजिश?
जिस तरह निखार के होटल से बाहर निकलने का इंतजार कर हमलावरों ने फायरिंग की, उससे पुलिस इस घटना को सुनियोजित हत्या के एंगल से भी देख रही है। जांच का एक अहम बिंदु यह है कि हमलावरों को निखार के होटल पहुंचने और वहां से निकलने की जानकारी कैसे मिली।पुलिस CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और निखार के हालिया संपर्कों की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले उनकी गतिविधियों पर किसी की नजर तो नहीं थी।
जमीन, कारोबारी रंजिश और रंगदारी समेत कई एंगल
हत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस कारोबारी रंजिश, जमीन विवाद, रंगदारी अथवा व्यक्तिगत विवाद समेत अलग-अलग संभावित कारणों की जांच कर रही है। कुछ रिपोर्टों में जमीन विवाद और रंगदारी के एंगल का उल्लेख किया गया है, लेकिन अभी तक पुलिस ने इनमें से किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।जांच टीम निखार के हालिया कारोबारी लेन-देन, व्यावसायिक साझेदारियों, जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों और संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
होटल कारोबार से जुड़ा था सबलोक परिवार
निखार सबलोक का परिवार होटल कारोबार से जुड़ा बताया जाता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार परिवार का जमशेदपुर में होटल कारोबार है, जबकि थाइलैंड के पटाया में भी होटल व्यवसाय संचालित होने की बात सामने आई है। निखार जमशेदपुर में परिवार के स्थानीय कारोबार और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते थे।इसी वजह से पुलिस उनके कारोबारी संपर्कों और हाल के व्यावसायिक विवादों को भी जांच के दायरे में रख रही है।
कारोबार जगत में शोक, बड़ी संख्या में लोग टीएमएच पहुंचे
निखार की मौत की खबर मिलते ही जमशेदपुर के कारोबारी और व्यावसायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में उनके परिचित, समर्थक, उद्यमी और व्यवसायी टीएमएच पहुंचे। युवा कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या शहर में चर्चा का प्रमुख विषय बन गई है।
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना के बाद सरायकेला-खरसावां एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए उन्होंने जांच की प्रगति की समीक्षा की। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की साजिश का पता लगाने पर है। CCTV फुटेज, घटनास्थल से बरामद खोखे, तकनीकी साक्ष्य और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ रही है। हमलावर कौन थे, किसके इशारे पर आए थे और निखार को ही निशाना क्यों बनाया गया इन सवालों का जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

