चोरी की बाइक, देसी कट्टा और जिंदा गोली के साथ 7 गिरफ्तार, पुलिस की पूछताछ में खुला राज

धनबाद।जिले के धनसार थाना क्षेत्र में देर रात गश्त के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल छह युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी युवक दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर घूम रहे थे और पुलिस वाहन को देखते ही भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें घेराबंदी के बाद पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से देसी कट्टा और दूसरे के पास से 3.15 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद हुई। पूछताछ में पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े अहम सुराग मिले हैं।
धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी प्रकाश सोय ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि 22 अगस्त की रात करीब 3:30 बजे धनसार थाना क्षेत्र के नईटांड़ के पास पुलिस गश्ती दल मौजूद था। गश्ती दल में पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार रवि समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर तीन-तीन युवक सवार होकर जाते दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों बाइक पर सवार युवक भागने लगे।
इसके बाद गश्ती दल ने उनका पीछा किया और गांधी नगर स्थित शिव मंदिर के पास सिटी हॉक की मदद से घेराबंदी कर सभी छह युवकों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, भागने के संबंध में पूछताछ करने पर युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। नाम-पता पूछने पर उनकी पहचान मुकेश कुमार (25), मो. साकिब हुसैन (23), किशन बासफोड़ (22), बबलू यादव (19), नितीश कुमार (19) और आजाद आलम (23) के रूप में हुई। सभी धनबाद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी युवकों की तलाशी ली। इस दौरान आजाद आलम के कमर में खोसा हुआ एक देसी कट्टा बरामद किया गया। वहीं, मुकेश कुमार के पैंट की जेब से 3.15 एमएम की एक जिंदा गोली मिली। पुलिस ने दोनों हथियार और गोली को जब्त कर लिया।
पूछताछ में दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, एक मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स, नंबर JH10-BB9690 है, जबकि दूसरी हीरो ग्लैमर, नंबर JH10-BS8371 है। पूछताछ के दौरान नितीश कुमार ने सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल को अपना बताया, जबकि हीरो ग्लैमर के संबंध में बताया गया कि इसे कथित तौर पर पिछली रात मटकुरिया से चोरी किया गया था।
पूछताछ में चोरी की साजिश का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, हथियार के संबंध में पूछताछ करने पर आजाद आलम ने बताया कि उसने देसी कट्टा जग्गू पासवान से लिया था। आजाद ने यह भी बताया कि सभी लोग चोरी करने के इरादे से घूम रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।आजाद आलम की निशानदेही पर पुलिस ने जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार, मो. साकिब हुसैन, किशन बासफोड़, बबलू यादव, नितीश कुमार, आजाद आलम और जग्गू पासवान शामिल हैं। जग्गू पासवान धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ काली मंदिर के पास का रहने वाला है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से निम्न सामान बरामद किया है—
एक देसी कट्टा
3.15 एमएम की एक जिंदा गोली
सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल नंबर JH10-BB9690
हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल नंबर JH10-BS8371
कार्रवाई में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, पुअनि पवन कुमार रवि, पुअनि प्रवीण सिंह चौधरी, पुअनि राजेश कुमार लोहरा, सअनि रमेश पासवान सहित धनसार थाना के सिटी हॉक और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि मोटरसाइकिल चोरी और हथियार से जुड़े इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही पुलिस दोनों बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में भी आगे की जांच कर रही है।

