लातेहार में भीषण सड़क हादसा…7 लोगों की मौत,कई गंभीर, घाटी में अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक और ऑटो को रौंदा….

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले में लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर स्थित डेढ़टंगवा घाटी में शनिवार शाम एक अत्यंत विचलित करने वाला और भयावह सड़क हादसा सामने आया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने पहले सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी और फिर यात्रियों से भरे एक ऑटो (टेंपो) के ऊपर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में ऑटो और बाइक दोनों वाहन कंटेनर के नीचे दबकर पूरी तरह चकनाचूर हो गए। हादसे में अब तक कुल 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना चंदवा थाना क्षेत्र की डेढ़टंगवा घाटी के घुमावदार मार्ग पर हुई। रफ्तार तेज होने के कारण ढलान पर कंटेनर का संतुलन बिगड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और ऑटो में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बाइक पर सवार एक पुरुष, एक महिला और बच्चा कंटेनर के नीचे आ गए, जिनमें से महिला और बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, लातेहार के सांसंग (कोढ़ास क्षेत्र) से लोहरदगा के चपरी जा रहे ऑटो में सवार 7 यात्रियों में से 4 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल ले जाने के दौरान एक और घायल की मौत हो गई।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण राहत कार्य के लिए दौड़े और स्थानीय चंदवा थाना पुलिस को सूचना दी। वाहनों के पूरी तरह मलबे में तब्दील हो जाने के कारण शवों और घायलों को निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन ने हाइड्रा और क्रेन मशीनों की मदद से भारी-भरकम कंटेनर को सड़क से हटाया और लोहे के ढांचे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया है, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स, राँची रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

दुर्घटना के कारण लोहरदगा-चंदवा मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर के चालक की तलाश व घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

..


..
…

..


