धनबाद: ताबड़तोड़ फायरिंग से मचा हड़कंप…साली के विवाद में युवक को मारी गोली,जांच में जुटी है पुलिस…

धनबाद।कोयलांचल का गोन्दूडीह ओपी इलाका स्वतंत्रता दिवस के दिन शनिवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। धरिया जोबा बस्ती में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आपसी रंजिश की आग में अंधी होकर भवानी सिंह नामक सिरफिरे ने 27 वर्षीय पिंटू पासवान को निशाना बनाकर एक के बाद एक तीन राउंड गोलियां दाग दीं। एक गोली पिंटू की जांघ को चीरती हुई पार निकल गई, जिसके बाद वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
साली के विवाद में चली गोली

खून-खराबे की इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह भवानी सिंह की साली से जुड़ा पुराना विवाद बताई जा रही है। शनिवार को दोनों का सामना हुआ तो पुरानी खुन्नस फिर सतह पर आ गई। देखते ही देखते जुबानी जंग खूनी खेल में बदल गई। गुस्से में आग बबूला भवानी सिंह ने कमर से पिस्टल निकाली और बिना सोचे-समझे पिंटू पर गोलियों की बौछार कर दी।

चीख-पुकार, अफरा-तफरी और फरार आरोपी

अचानक हुई फायरिंग से धरिया जोबा बस्ती में भगदड़ मच गई। पिंटू के गिरते ही आरोपी भवानी सिंह असलहा लहराते हुए मौके से रफूचक्कर हो गया। सूचना मिलते ही गोन्दूडीह ओपी प्रभारी लव कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस की कार्रवाई और बरामदग


गंभीर रूप से जख्मी पिंटू पासवान को आनन-फानन में इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) भेजा गया, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने घटना स्थल को सील करते हुए मौके से एक प्रयुक्त कारतूस (खोखा) जब्त किया है। पुलिस की कई टीमें आरोपी भवानी सिंह के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।

ओपी प्रभारी लव कुमार ने साफ किया है कि मामला पुरानी रंजिश का है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना में इस्तेमाल अवैध पिस्टल और इस सनसनीखेज वारदात के पूरे राज से पर्दा उठ सकेगा।


