राँची में पाउडर से टाइल्स और बर्तन चमकाने के बहाने ठगी: 60 ग्राम सोने की चेन लेकर उड़े दो शातिर, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

 

राँची।राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लाइन टैंक रोड स्थित वाटिका अपार्टमेंट में दो अज्ञात ठगों ने सफाई के नाम पर एक बुजुर्ग दंपत्ति को चकमा देकर करीब 60 ग्राम सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शातिर मौके से फरार हो गए।पूरी घटना पीड़ित के फ्लैट के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है। मामले को लेकर पीड़ित प्रदीप कुमार  ने कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पीड़ित प्रदीप कुमार अडकिया के अनुसार, घटना 8 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 2:00 बजे की है।दो अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचे और पाउडर से टाइल्स साफ करके दिखाने का दावा करने लगे।बातों-बातों में झांसा देकर उन्होंने घर के चांदी के बर्तनों को भी साफ करके दिखाया, जिससे दंपत्ति उनके झांसे में आ गए।इसके बाद ठगों ने प्रदीप कुमार के गले में पहनी हुई लगभग 60 ग्राम वजन की सोने की चेन को भी साफ करने की बात कही।

शातिर ठगों ने एक कटोरे (टोपिये) में पानी मंगवाया और उसमें कोई केमिकल मिलाकर सोने की चेन डाल दी।उन्होंने कहा कि इसे गर्म करने पर चेन पूरी तरह चमक जाएगी। जब पीड़ित की पत्नी उस कटोरे को गर्म करने के लिए रसोई में गईं, तो उनमें से एक ठग ने कहा कि इसमें एक पत्थर सटाना पड़ेगा, इसलिए एक छोटी कटोरी और दीजिए।जैसे ही महिला कटोरी लेने के लिए नीचे झुकी, शातिर ने टोपिये से चुपके से सोने की चेन निकालकर अपने बैग में रख ली।

चेन बैग में डालने के बाद आरोपी ने बड़ी चालाकी से कहा कि “इसे 15 मिनट तक उबलने दीजिए, उसके बाद निकालिएगा तो चेन एकदम साफ मिलेगी.” इसके बाद दोनों व्यक्ति तुरंत घर से बाहर निकल गए। उनके जाने के महज दो मिनट बाद जब दंपत्ति ने टोपिये में देखा तो चेन गायब थी। अनहोनी की आशंका होते ही पीड़ित तुरंत बाहर भागे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी गायब हो चुके थे।

पीड़ित ने थाने में सौंपे आवेदन के साथ सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही है, जिसमें दोनों संदिग्ध स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं. कोतवाली थाना पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ठगों के हुलिए की पहचान करने और गिरोह का सुराग लगाने में जुट गई है।

error: Content is protected !!