राँची:HDU में बिना अनुमति प्रवेश और वीडियो रिकॉर्डिंग का आरोप, पत्रकार अमन चोपड़ा के खिलाफ प्राथमिकी का आवेदन…रिपोर्टिंग करने भी नहीं जाने दिया…

 

राँची। अस्पताल के हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश और वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने का मामले को गंभीर मानते हुए राँची के असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी  डॉ. अमरेन्द्र प्रसाद ने पुलिस प्रशासन को आवेदन देकर जानेमाने पत्रकार अमन चोपड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

सिविल सर्जन की ओर से दिए गए आवेदन के मुताबिक, घटना 8 अगस्त की बताई गई है। आरोप है कि ‘TAP News’ से जुड़े पत्रकार अमन चोपड़ा अस्पताल के HDU में बिना निर्धारित अनुमति के प्रवेश कर गए और वहां वीडियो रिकॉर्डिंग की गई।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि HDU गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार के लिए आरक्षित संवेदनशील क्षेत्र होता है। ऐसे स्थानों पर संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा और प्रवेश को लेकर विशेष प्रोटोकॉल लागू रहते हैं।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि HDU में प्रवेश के दौरान निर्धारित सुरक्षा एवं संक्रमण नियंत्रण संबंधी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। अस्पताल प्रशासन ने इसे मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय बताया है।स्वास्थ्य संस्थानों में संक्रमण नियंत्रण के नियमों का उद्देश्य गंभीर अवस्था में भर्ती मरीजों को बाहरी संक्रमण से बचाना होता है। ऐसे में प्रतिबंधित या संवेदनशील चिकित्सा क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश को लेकर अस्पताल प्रशासन ने आपत्ति जताई है।

मामले का दूसरा पहलू मरीजों की निजता से जुड़ा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, HDU जैसे क्षेत्र में बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने से वहां इलाज करा रहे मरीजों की गोपनीयता और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित वीडियो और सामग्री को ‘TAP News’ के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रसारित एवं प्रकाशित किया जा रहा है।

फिलहाल सिविल सर्जन की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस प्रशासन से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इधर आज पुलिस ने पत्रकार अमन चोपड़ा को पूछताछ के लिए बुलाया और कई घंटे थाना में बैठाकर रखा।वहीं उन्हें रिपोर्टिंग करने  विधानसभा मार्च में भी नहीं जाने दिया।पत्रकार अमन चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि उन्हें खबर चलाने पर केस दर्ज किया गया है।आगे देखिए क्या क्या होता है।

error: Content is protected !!