राँची में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कल झारखण्ड बंद…भाजपा ने ऐलान किया, बोले- ‘लाठियों से आवाज दबा सकते हैं, युवाओं का आक्रोश नहीं’

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद अब छात्र आंदोलन ने पूरी तरह राजनीतिक रंग ले लिया है। हजारों छात्रों के विधानसभा मार्च, बैरिकेडिंग टूटने, वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज के बाद भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार, 11 अगस्त 2026 को झारखण्ड बंद का आह्वान किया है।भाजपा ने इस बंद को छात्रों के समर्थन और पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपने हक और भविष्य की मांग कर रहे युवाओं पर जिस तरह बल प्रयोग किया गया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है।
भाजपा की ओर से कहा गया है कि 11 अगस्त का बंद सिर्फ राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि झारखण्ड के युवाओं के हक, अधिकार और न्याय की लड़ाई है।पार्टी ने सरकार को सीधे चेतावनी देते हुए कहा है कि “लाठियों से आवाज दबाई जा सकती है, युवाओं का आक्रोश नहीं।”भाजपा का दावा है कि छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे, लेकिन विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों को रोकने के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। पार्टी ने इसी कार्रवाई को बंद का मुख्य कारण बताया है।
भाजपा ने बंद को लेकर अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से व्यापक स्तर पर सड़क पर उतरने की अपील की है।पार्टी की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि 11 अगस्त को पूरा झारखण्ड एक स्वर में सरकार से सवाल करेगा।
भाजपा ने झारखण्ड की JMM-कांग्रेस सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान बातचीत और जांच के जरिए करना चाहिए था, न कि पुलिस बल का इस्तेमाल करके।भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों को लाठी के बल पर खत्म नहीं किया जा सकता। पार्टी ने सरकार से JPSC और JSSC से जुड़ी कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई है।
भाजपा ने मंगलवार के बंद को इसी मुद्दे पर सरकार के खिलाफ बड़ा जनदबाव बनाने के तौर पर पेश किया है।बंद सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक रहेगा।इस दौरान आवश्यक सेवा और बोल बम आने जाने वाले के लिए बंद से मुक्त रखा गया।बंदी शांतिपूर्ण तरीके से सफल बनाने की अपील की गई है।
पार्टी नेतृत्व के अनुसार, यह बंद सुबह 8:00 बजे से लेकर रात 11:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।पार्टी ने आम जनता और व्यावसायिक संगठनों से भी छात्रों के समर्थन में इस बंद को सफल बनाने की अपील की है।

