Ranchi: तेज रफ्तार कार ने सेना के वाहन में मारी जोरदार टक्कर, दो महिला समेत तीन गंभीर

राँची। राजधानी राँची में रविवार को प्लाजा चौक के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवतियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सेना के वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों लोग अंदर फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सेना का वाहन प्लाजा चौक के पास से जेल मोड़ की तरफ मुड़ रहा था। इसी दौरान पुरुलिया रोड की ओर से तेज गति से आ रही कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सेना के वाहन से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। इसी बीच गश्ती पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे तीनों घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर सभी को कार से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घायलों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आने की बात सामने आ रही है। फिलहाल तीनों की पहचान नहीं हो पाई है और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।हादसे की जानकारी मिलते ही लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में लोअर बाजार थाना की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
लोअर बाजार थाना प्रभारी लव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे की वजह सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

