मॉर्निंग वॉक से लौट रहीं 3 महिलाओं को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत; आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

मधुबनी (बिहार)।बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनीपट्टी-मधुबनी मुख्य मार्ग पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह एक भयानक सड़क दुर्घटना में तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों महिलाएं सुबह की सैर (मॉर्निंग वॉक) कर घर वापस लौट रही थीं, तभी एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
थकान मिटाने को सड़क किनारे बैठी थीं महिलाएं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 6:00 बजे की है। टहलने के बाद तीनों महिलाएं थककर हाईवे पर स्थित जगदम्बा पेट्रोल पंप के पास विश्राम करने के लिए बैठी थीं। इसी दौरान रहिका की दिशा से बेनीपट्टी की ओर बेहद तेज़ गति में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान:
रीता देवी (42 वर्ष) — पति: बच्चू साह
किरण देवी (40 वर्ष) — पति: राजू साह
फूल दाई देवी (70 वर्ष) — पति: स्व. अरुण झा
ग्रामीणों का आक्रोश और यातायात ठप
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जगदंबा पेट्रोल पंप के पास शवों को सड़क पर रखकर बेनीपट्टी-मधुबनी मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। आक्रोशित लोग पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और आरोपी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
स्थानीय प्रशासन और बेनीपट्टी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

