जेपीएससी पर सीआईडी का शिकंजा कसना शुरू, तीन प्रमुख सदस्यों से सोमवार को होगी पूछताछ,समन जारी…

राँची।झारखण्ड की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़ी सबसे बड़ी संस्थाओं में से एक झारखण्ड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एक बार फिर सुर्खियों में है। मामले की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आयोग के तीन वर्तमान सदस्यों को समन जारी किया है। समन मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
सीआईडी ने जिन सदस्यों को पूछताछ के लिए बुलाया है, उनमें डॉ. अजिता भट्टाचार्य, डॉ. अनिमा हांसदा और डॉ. जमाल अहमद शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, सोमवार से सीआईडी मुख्यालय में इन तीनों से अलग-अलग और विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
जांच एजेंसी इस मामले के विभिन्न पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आयोग की कार्यप्रणाली, निर्णय प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कई सवाल पूछे जाएंगे। इस कार्रवाई को अब तक की जांच का सबसे अहम चरण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इन तीनों सदस्यों की नियुक्ति 2 सितंबर 2021 को हुई थी। इससे पहले अगस्त 2021 में झारखण्ड कैबिनेट ने इनके नामों पर मुहर लगाई थी, जिसके बाद आधिकारिक प्रक्रिया पूरी कर इन्हें आयोग का सदस्य बनाया गया था।सीआईडी की इस कार्रवाई के बाद यह मामला एक बार फिर राज्य की राजनीति और प्रशासन के केंद्र में आ गया है। अब सबकी नजर सोमवार से शुरू होने वाली पूछताछ पर टिकी है। माना जा रहा है कि जांच में कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं, जो पूरे मामले को नई दिशा दे सकते हैं।

