पत्नी के कथित अवैध संबंध के शक ने बना दिया हैवान… पत्नी और सास का गला रेतकर की हत्या, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में मां-बेटी की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। विशेष अनुसंधान दल (SIT) की त्वरित कार्रवाई में मुख्य आरोपी अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू, खून लगा टी-शर्ट और बरसाती भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, 5 और 6 अगस्त की दरम्यानी रात झेनागड़िया गांव में एक महिला और उसकी मां की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना में कांड संख्या 45/26 दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।

अवैध संबंध को लेकर था विवाद

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड की वजह पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी, जो तीन बच्चों की मां थी, का कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध था। इसकी जानकारी आरोपी पति को हो गई थी, जिसके बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा।सूत्रों का यह भी दावा है कि एक बार आरोपी ने अपनी पत्नी को कथित तौर पर दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद से वह अंदर ही अंदर गुस्से में था और इसी रंजिश ने आखिरकार खूनी वारदात का रूप ले लिया।

पहले पत्नी, फिर विरोध करने पर सास की भी हत्या

घटना वाली रात आरोपी ने पहले अपनी पत्नी का धारदार हथियार से गला रेत दिया। पत्नी की चीख सुनकर उसकी मां बचाने पहुंची तो आरोपी ने उसकी भी बेरहमी से हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर पश्चिम बंगाल की ओर भाग गया।

थानेदार की सूझबूझ से 12 घंटे में खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी विवेक कुमार की सूझबूझ और एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और बरसाती बरामद कर जब्त कर ली गई।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 में लिट्टीपाड़ा थाना में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस अब इस पूरे मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।दोहरे हत्याकांड का इतनी कम अवधि में खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी को पाकुड़ पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!