राँची पुलिस की बड़ी कामयाबी: 48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त फरसा बरामद

 

राँची। जिले के राहे थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का राँची पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, एक हीरो स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान भी बरामद किया है।

मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी ने बताया कि 4 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि राहे थाना क्षेत्र के ग्राम पारमडीह, ढुंगरीटोला स्थित सुनसान स्थान पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है, जिसकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही राहे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस संबंध में राहे थाना कांड संख्या-18/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

हत्या की गंभीरता को देखते हुए राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बुंडू) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के गांवों में व्यापक पूछताछ और तकनीकी अनुसंधान शुरू किया।

जांच के दौरान मृतक की पहचान कंचन महतो, पिता सदानंद महतो, निवासी गोढ़ा, थाना सिल्ली, जिला राँची के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने तेजी से अनुसंधान आगे बढ़ाया और पूरे मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया।

लूट की योजना बना रहे थे आरोपी, गाली-गलौज के बाद कर दी हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे और लूट की योजना बना रहे थे। इसी दौरान तीनों आरोपी नशा कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उसी समय मृतक वहां पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। इससे गुस्साए मुख्य आरोपी रमन दास उर्फ रामदूत ने अपने साथियों फागु तेली और षष्टी कुमार दास के सहयोग से फरसा से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
रमन दास उर्फ रामदूत (19 वर्ष), पिता वासुदेव दास, निवासी गोमदा, थाना राहे, जिला राँची।
फागु तेली (20 वर्ष), पिता बिभीषण तेली, निवासी राहे, थाना राहे, जिला राँची।
षष्टी कुमार दास (19 वर्ष), पिता दुलाल दास, निवासी राहे, थाना राहे, जिला राँची।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान बरामद किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी साक्ष्यों को जब्त कर लिया है।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी किसी अन्य आपराधिक घटना में भी शामिल रहे हैं। मामले के अन्य पहलुओं पर अनुसंधान जारी है।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बुंडू) ओमप्रकाश ने किया। टीम में थाना प्रभारी बुंडू जयदीप टोप्पो, थाना प्रभारी राहे अभिषेक कुमार, थाना प्रभारी सोनाहातु प्रेम प्रदीप, थाना प्रभारी दशमफॉल कुंदन कुमार, तकनीकी शाखा के बलेन्द्र कुमार सिंह सहित राहे थाना एवं रिजर्व गार्ड के सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे।

राँची पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल हत्या की गुत्थी सुलझी, बल्कि गंभीर अपराधों के त्वरित अनुसंधान और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की सक्रियता भी सामने आई।

error: Content is protected !!