हजारीबाग:विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप; गिरफ्तार

हजारीबाग।जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित सलगावां गांव में 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान 27 वर्षीय फूल कुमारी के रूप में हुई है। वह बड़कागांव प्रखंड के तलसवार गांव निवासी नारायण साव की पुत्री थीं। वर्ष 2018 में उनका विवाह सलगावां निवासी विकास कुमार साव के साथ हुआ था। दोनों के तीन बच्चे हैं।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति विकास कुमार साव गंभीर रूप से नशे का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता रहता था। परिजनों के अनुसार, उसने घर के जेवरात तक बेच दिए थे और फूल कुमारी को लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई।
मृतका की मां चैती देवी ने कटकमदाग थाने में लिखित आवेदन देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। उन्होंने बेटी की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति विकास कुमार साव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस मामले की सभी पहलुओं से गंभीरतापूर्वक जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। जांच में यदि अन्य व्यक्तियों की भी संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

