राँची पुलिस का ऑपरेशन मासूम: पलामू से तीनों बच्चे सुरक्षित, अपहरण के शक में युवक गिरफ्तार

–सीसीटीवी, मुखबिर और सटीक रणनीति से पुलिस ने पलामू तक पहुंचकर बच्चों को बरामद किया, आरोपी से पूछताछ जारी

राँची।जिले के खलारी  थाना क्षेत्र के सुभाषनगर से रहस्यमय ढंग से लापता हुए तीनों मासूम बच्चों को खलारी पुलिस ने कड़ी मशक्कत, तकनीकी जांच और सटीक रणनीति के बल पर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में बच्चों को अपने साथ ले जाने वाले रंजीत सिंह को हुसैनाबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि आखिर वह बच्चों को किस मंशा से अपने साथ ले गया था।

गौरतलब है कि रविवार शाम तीनों बच्चों के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामला पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था और समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता तथा पुलिस पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था।

खलारी थाना प्रभारी पुनि रामकुमार वर्मा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर हर पहलू से जांच शुरू की गई। पुलिस ने इलाके के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान पुराने खलारी थाना परिसर के सामने लगे कैमरे में तीनों बच्चे एक संदिग्ध युवक के साथ जाते हुए दिखाई दिए। हालांकि उसका चेहरा स्पष्ट नहीं था, लेकिन पुलिस को शक हो गया कि बच्चों को ट्रेन के जरिए बाहर ले जाया गया है।

इसी सुराग के आधार पर पुलिस टीम रेहला रेलवे स्टेशन पहुंची। बरकाकाना-मुगलसराय पैसेंजर ट्रेन से लौटते समय एक सब्जी विक्रेता महिला ने पुलिस को अहम जानकारी दी। महिला ने बताया कि उसने एक युवक को तीन बच्चों के साथ देखा था, जो हैदरनगर जाने की बात कह रहा था, लेकिन वह रेहला स्टेशन पर ही उतर गया था।

इस सूचना के बाद डीएसपी खलारी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हैदरनगर में जांच तेज कर दी। रेलवे स्टेशन और एक ज्वेलर्स दुकान के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक का स्केच तैयार कराया गया, जिसे खलारी समेत आसपास के सभी थाना क्षेत्रों में भेजा गया।

इसी बीच खलारी थाना की दूसरी टीम को सूचना मिली कि संदिग्ध युवक जेहलीटांड़ स्थित अपनी मौसी के घर आया था। पूछताछ में मौसी ने उसकी पहचान रंजीत सिंह के रूप में की और बताया कि वह उसकी बहन का बेटा है। महिला ने अपनी बहन से फोन पर संपर्क किया तो पता चला कि तीनों बच्चे उसके घर पर मौजूद हैं।
हालांकि जब तक पुलिस हैदरनगर स्थित घर पहुंचती, रंजीत सिंह बच्चों को लेकर हुसैनाबाद रेलवे स्टेशन के लिए निकल चुका था। पुलिस ने बिना देर किए स्टेशन पर घेराबंदी की और रंजीत सिंह को गिरफ्तार कर तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी बच्चों को किस उद्देश्य से अपने साथ ले गया था, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।तीनों बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने खलारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और लगातार प्रयासों की जमकर सराहना की है।

error: Content is protected !!