तिलक की खुशी में कर रहा अवैध हथियार से फायरिंग,दूल्हे की गोली से माँ की मौत….आरोपी गिरफ्तार…

आरा।बिहार के भोजपुर में दूल्हे की गोली से माँ की मौत हो गई। मंगलवार को तिलक चढ़ने की खुशी में बेटा अवैध हथियार से फायरिंग कर रहा था। तभी आंगन में बैठी उसकी माँ के पेट में गोली लग गई। बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार वाले पुलिस को गुमराह कहते रहे कि करंट लगने से ये मौत हुई है।इधर गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए भोजपुर पुलिस ने कांड में शामिल मृतका के छोटे बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की शादी होनी थी और मंगलवार रात उसका तिलक था। इसी खुशी में वो हर्ष फायरिंग कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपी संदेश थाना क्षेत्र के डेहरी गांव निवासी स्वर्गीय कुंवर सिंह का बेटा बजरंगी कुमार है। आरोपी की माँ तारामुनि कुंवर (70) आंगन में बैठी थी और इसी दौरान उसके पेट के बीचों-बीच गोली लगी थी।इसके बाद आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में पटना रेफर कर दिया गया था। जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

इधर,एसपी प्रमोद कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए कहा कि मंगलवार की रात डेहरी गांव में हर्ष फायरिंग के दौरान एक बुजुर्ग महिला को गोली लग गई। इसके बाद उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की और उसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद जांच में पता चला कि मृतका के बेटे बजरंगी ने अवैध हथियार से फायरिंग की थी। फायरिंग के दौरान उसकी माँ को गोली लग गई थी।

एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि मां की मौत के बाद आरोपी बेटा अस्पताल से भागने का कोशिश कर रहा था। तभी हमारी विशेष टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी पटना के दीघा इलाके से हुई है।बताया कि घर वाले मौके पर पहुंची पुलिस को महिला को करंट का झटका लगने की बात बता रहे थे। बाद में पुलिस ने अपने स्तर से जांच की तो, हर्ष फायरिंग में गोली लगने की बात सामने आई।