लातेहार: दुकान के बाहर मिला ग्राम प्रधान का संदिग्ध अवस्था में शव, इलाके में हड़कंप..जांच में जुटी है पुलिस

​लातेहार। गुरुवार का दिन लातेहार के व्यस्त मेन रोड पर आम दिनों की तरह ही शुरू हुआ था, लेकिन एक दुकान के बाहर पड़े बेसुध शरीर ने अचानक पूरी चहल-पहल को सन्नाटे में बदल दिया। राहगीरों ने जब करीब जाकर देखा, तो होश उड़ गए सड़क किनारे पड़ा व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि गारू प्रखंड के कबरी गांव के ग्राम प्रधान राजेंद्र उरांव थे, जिनकी सांसें थम चुकी थीं।​बुधवार को जो घर से सामान्य तौर पर निकले थे, गुरुवार को उनकी मौत की खबर जब कबरी गांव पहुंची, तो वहां सन्नाटा पसर गया।

घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि राजेंद्र उरांव को मौत से पहले भारी नशे की हालत में देखा गया था। अंदेशा जताया जा रहा है कि अत्यधिक शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने, गिरने या फिर सिर में गंभीर चोट लगने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। हालांकि, मौत की असली वजह अभी भी एक पहेली बनी हुई है।

सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिलते ही लातेहार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने बिना देर किए पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।

​थाना प्रभारी ने बताया कि हमें मेन रोड की एक दुकान के पास अज्ञात शव पड़े होने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को अस्पताल भिजवाया, जिसकी बाद में पहचान ग्राम प्रधान राजेंद्र उरांव के रूप में हुई। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।फिलहाल पुलिस जांच की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, वहीं पूरे इलाके में इस संदिग्ध मौत को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।

error: Content is protected !!